Advertisement

समोसे के लिए रोकी ट्रेन? वायरल दावे पर मचा बवाल, रेलवे ने शुरू की जांच, सामने आई सच्चाई

वायरल वीडियो को लेकर शुरुआत में दावा किया गया कि यह इंदौर-महू के बीच चलने वाली डेमू ट्रेन का है. बताया गया कि राऊ के रंगवासा रोड इलाके में लोको पायलट ट्रेन रोककर पास की दुकान से समोसे लेने चला गया.

Train Halted for Samosas (Photo: Screengrabs)
धर्मेंद्र कुमार शर्मा
  • इंदौर,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:37 PM IST

इंदौर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया कि लोको पायलट ने समोसे खरीदने के लिए ट्रेन रोक दी. वीडियो सामने आने के बाद रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी. हालांकि, शुरुआती जानकारी के बाद यह भी सामने आया कि वायरल वीडियो किसी पैसेंजर डेमू ट्रेन का नहीं, बल्कि मालगाड़ी का है. साथ ही, जिस समय वीडियो बनाया गया, उस दौरान ट्रैक पर मेंटेनेंस का काम चल रहा था और ट्रेन को काफी देर तक वहीं रुकना था.

पहले दावा- समोसे लेने के लिए रोकी गई ट्रेन
वायरल वीडियो को लेकर शुरुआत में दावा किया गया कि यह इंदौर-महू के बीच चलने वाली डेमू ट्रेन का है. बताया गया कि राऊ के रंगवासा रोड इलाके में लोको पायलट ट्रेन रोककर पास की दुकान से समोसे लेने चला गया. स्थानीय लोगों का आरोप था कि ऐसा होने से ट्रेन करीब 10 मिनट तक रुकी रही. इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया.

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया रेलवे
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया. रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसे जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह साबित होता है कि लोको पायलट ने बिना किसी अधिकृत कारण, सिग्नल या परिचालन संबंधी आवश्यकता के ट्रेन रोकी और निजी काम के लिए केबिन से बाहर निकला, तो रेलवे नियमों के अनुसार उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

जांच में सामने आई नई जानकारी
मामले की प्रारंभिक जांच में जो जानकारी सामने आई, उसने वायरल दावे पर सवाल खड़े कर दिए. रेलवे सूत्रों के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रही ट्रेन कोई पैसेंजर डेमू नहीं, बल्कि मालगाड़ी थी. इसके अलावा, जिस स्थान पर ट्रेन खड़ी थी वहां रेलवे ट्रैक पर मेंटेनेंस का काम चल रहा था. इसी वजह से ट्रेन को एक घंटे से अधिक समय तक वहीं रुकना था. इस दौरान लोको पायलट नीचे उतरा और पास की दुकान से समोसे ले आया.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement