अगर आपका पालतू कुत्ता या बिल्ली बार-बार उल्टी कर रहा है, तो इसे सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज न करें. कई बार इसकी वजह ज्यादा खाना खाना या गलत चीज खा लेना हो सकती है, लेकिन लगातार उल्टी किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकती है. क्योंकि पालतू जानवर अपनी परेशानी बोलकर नहीं बता सकते, इसलिए उनके व्यवहार और स्वास्थ्य में होने वाले बदलावों पर नजर रखना बेहद जरूरी है. समय रहते सही कारण पता चल जाए, तो बड़ी समस्या से बचा जा सकता है.
कई बार कुत्ते और बिल्लियां बहुत तेजी से या जरूरत से ज्यादा खाना खा लेते हैं. बासी खाना, अचानक डाइट बदलना या ऐसी चीज खा लेना जो उनके शरीर के लिए सही न हो, उल्टी की वजह बन सकता है.
गंभीर बीमारी का भी हो सकता है संकेत
अगर उल्टी के साथ सुस्ती, दस्त, भूख कम लगना, वजन घटना या बुखार जैसे लक्षण भी दिखाई दें, तो यह पेट के संक्रमण, लीवर या किडनी की बीमारी, पाचन तंत्र की गड़बड़ी या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है. ऐसे मामलों में देरी करना नुकसानदायक साबित हो सकता है. इसलिए तुरंत पशु चिकित्सक से सलाह लेना जरूरी है.
गलती से निगली कोई चीज बन सकती है खतरा
कुत्ते और बिल्लियां खेलते समय कई बार प्लास्टिक, कपड़े का टुकड़ा, खिलौने का हिस्सा या दूसरी छोटी चीजें निगल लेते हैं. इससे पेट या आंत में रुकावट आ सकती है, जिसकी वजह से लगातार उल्टी होने लगती है. यह स्थिति गंभीर हो सकती है और तुरंत इलाज की जरूरत पड़ सकती है.
इन चीजों से भी रहें सावधान
चॉकलेट, अंगूर, प्याज, कुछ दवाएं, जहरीले पौधे और केमिकल जैसी चीजें पालतू जानवरों के लिए बेहद नुकसानदायक होती हैं. अगर ऐसी किसी चीज के सेवन के बाद उल्टी शुरू हो जाए, तो इसे इमरजेंसी मानते हुए तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए.
इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
अगर 24 घंटे के भीतर कई बार उल्टी हो, उल्टी में खून दिखाई दे, पालतू पानी भी न पी पा रहा हो, लगातार सुस्त रहे, सांस लेने में परेशानी हो या पेट में तेज दर्द के संकेत दिखें, तो बिना इंतजार किए डॉक्टर के पास जाएं. छोटे पिल्लों, बिल्ली के बच्चों और उम्रदराज पालतू जानवरों में यह समस्या ज्यादा गंभीर हो सकती है.
ये भी पढ़ें: