साउथ कोरिया में इन दिनों दुबई च्यूई कुकी को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. पिस्ता क्रीम, ताहिनी और कनाफेह पेस्ट्री से भरा ये डेजर्ट लोगों की पहली पसंद बन गया है.
क्या है दुबई च्यूई कुकी?
इसका नाम भले ही कुकी हो, लेकिन यह साधारण बिस्किट नहीं है. इसकी बनावट चावल के केक जैसी च्यूई और हल्की चिपचिपी होती है. इसके अंदर पिस्ता क्रीम और कनाफेह के बारीक टुकड़े भरे जाते हैं, जबकि बाहर से इसे चमकदार चॉकलेट मार्शमैलो की परत से कवर किया जाता है. एक बाइट लेते ही इसका स्वाद लोगों को दोबारा खाने पर मजबूर कर देता है.
कैसे शुरू हुआ क्रेज?
पिछले साल सितंबर में के-पॉप ग्रुप IVE की मेंबर Jang Won-young ने इंस्टाग्राम पर इस डेजर्ट की तस्वीर शेयर की थी. इसके बाद इसकी लोकप्रियता अचानक बढ़ गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक बेकरी में यह कुकी कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट हो जाती है. हालात ये हैं कि जो रेस्टोरेंट आमतौर पर डेजर्ट नहीं बेचते वे भी इसे अपने मेन्यू में शामिल कर रहे हैं. इस कुकी की कीमत फिलहाल 5,000 वॉन (करीब 280-300 रुपये) से 10,000 वॉन (करीब 560-600) के बीच है.
डेजर्ट हंट बना ट्रेजर चेज
इस डेजर्ट का क्रेज इतना ज्यादा है कि फैंस ने इसके लिए एक रियल-टाइम मैप बनाया है, जिसमें बताया जाता है कि किस दुकान में अभी स्टॉक उपलब्ध है. लोग GPS के जरिए डेजर्ट हंट पर निकल रहे हैं. कई स्टोर ने हर ग्राहक के खरीद की सीमा तय कर दी है. सोशल मीडिया पर मजाक में लोग कह रहे हैं कि हार्डवेयर स्टोर भी इसे बेचना शुरू कर दें तो हैरानी नहीं होगी.