Gardening Tips: पानी देने के बाद भी गर्मी में सूख रहा पौधा.. तो कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती, यहां जानें वजह

गार्डनिंग का शौक रखने वालों के लिए काफी जरूरी होता है पौधों की देखभाल करना. ऐसे में गर्मी के समय में पौधे को किस समय पानी देना चाहिए, यह जानना काफी जरूरी हो जाता है.

Gardening Tips
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 28 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:00 AM IST

अगर आपको गार्डनिंग का शौक है और आपने अपने घर की बालकनी या छत पर पौधे लगाए हैं, तो एक सवाल जरूर मन में आता होगा कि पौधों को पानी देने का सही समय क्या है? खासकर गर्मियों में, जब तेज धूप और गर्म हवाएं पौधों को जल्दी मुरझा देती हैं, तब सही समय पर पानी देना बेहद जरूरी हो जाता है. सही समय और सही तरीके से सिंचाई करने से पौधे लंबे समय तक हरे-भरे और हेल्दी बने रहते हैं.

सुबह का समय है बेस्ट टाइम
गर्मियों में पौधों को पानी देने का सबसे सही समय सुबह का माना जाता है. अगर आप सुबह 6 से 8 बजे के बीच पौधों को पानी देते हैं, तो यह उनके लिए सबसे फायदेमंद होता है. इस समय तापमान कम होता है और मिट्टी ठंडी रहती है, जिससे जड़ें पानी को अच्छी तरह सोक लेती हैं. इससे पौधों को दिनभर की तेज धूप सहने की ताकत मिलती है और उनकी ग्रोथ भी बेहतर होती है.

दोपहर का समय क्यों नहीं है सही?
कई लोग यह सोचकर दोपहर में पौधों को पानी दे देते हैं कि इससे उन्हें ठंडक मिलेगी, लेकिन यह एक गलत आदत है. तेज धूप में पानी देने से मिट्टी का तापमान अचानक बदल जाता है, जिससे जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है. साथ ही, पानी जल्दी भाप में बदल जाता है और पौधों तक जरूरी नमी नहीं पहुंच पाती. इसके चलते पत्तियां जल सकती हैं या झड़ने लगती हैं. इसलिए कोशिश करें कि सुबह 8 बजे के बाद और दोपहर में पौधों को पानी न दें.

रातभर पौधा रहेगा ताजा
अगर सुबह समय नहीं मिल पाता, तो शाम का समय भी पौधों को पानी देने के लिए अच्छा है. सूरज ढलने के बाद, यानी करीब शाम 6 बजे के बाद पानी देना सेफ होता है. इस समय तापमान कम होने लगता है और पानी धीरे-धीरे मिट्टी में समा जाता है, जिससे पौधों को रातभर नमी मिलती रहती है और वे तरोताजा बने रहते हैं.

हर पौधे की जरूरत अलग
यह समझना भी जरूरी है कि हर पौधे की पानी की जरूरत एक जैसी नहीं होती. कुछ पौधों को रोज पानी चाहिए होता है, जबकि कुछ को एक-दो दिन के गैप पर पानी देना काफी होता है. इसलिए पौधे के नेचर और मौसम के अनुसार पानी देने का समय तय करें.

 

Read more!

RECOMMENDED