Advertisement

दुनिया के सबसे लंबे शख्स को पत्नी ने छोड़ा, नहीं टिक पाई शादी...वजह जान लीजिए

शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास की खबरें सामने आने लगी थीं. हालांकि उस समय सुल्तान और मर्वे ने इन खबरों को खारिज कर दिया था. सुल्तान ने कहा था कि उनकी पत्नी उनके साथ ही हैं और अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए.

world's tallest man
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 29 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:32 PM IST

दुनिया के सबसे लंबे व्यक्ति सुल्तान कोसेन की जिंदगी जितनी अनोखी है, उतनी ही दर्दभरी भी. 8 फीट 3 इंच की असाधारण लंबाई के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड रखने वाले सुल्तान ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि उनकी शादी ज्यादा समय तक नहीं चल पाई और पत्नी के अलग होने का दर्द आज भी उन्हें परेशान करता है.

धूमधाम से हुई शादी फिर भी नहीं टिक पाई
तुर्की के रहने वाले 43 वर्षीय सुल्तान कोसेन ने साल 2013 में मर्वे डिबो से शादी की थी. उस वक्त मर्वे की उम्र सिर्फ 20 साल थी. शादी बेहद धूमधाम से हुई थी, जिसमें करीब 1500 लोग शामिल हुए थे. सुल्तान ने उस समय कहा था कि जब उन्होंने मर्वे की आंखों में देखा, तभी उन्हें एहसास हो गया था कि यही सच्चा प्यार है. उनका सपना था कि वह एक परिवार बसाएं और सामान्य जिंदगी जिएं.

शादी के कुछ महीनों बाद ही शुरू हुई दरार
शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास की खबरें सामने आने लगी थीं. हालांकि उस समय सुल्तान और मर्वे ने इन खबरों को खारिज कर दिया था. सुल्तान ने कहा था कि उनकी पत्नी उनके साथ ही हैं और अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए. वहीं मर्वे ने भी कहा था कि वह दुनिया की सबसे खुश महिला हैं और हमेशा सुल्तान के साथ रहना चाहती हैं.

2021 में हुआ तलाक, पत्नी ने परिवार को चुना
हाल ही में एक डॉक्यूमेंट्री में सुल्तान ने अपने तलाक को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि 2021 में दोनों अलग हो गए. सुल्तान ने कहा, 'हम साथ नहीं रह पाए. मेरी पत्नी ने अपने परिवार को चुना और हम अलग हो गए. हमारी खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक पाई.' उन्होंने यह भी कहा कि जब वह अपनी शादी की तस्वीरें देखते हैं, तो बहुत भावुक हो जाते हैं और उन्हें दुख होता है.

गंभीर बीमारी की वजह से अलग है जिंदगी
सुल्तान की असामान्य लंबाई का कारण एक बीमारी है, जिसे गिगैन्टिज्म और एक्रोमेगेली कहा जाता है. यह पिट्यूटरी ग्लैंड में ट्यूमर के कारण होती है. इस बीमारी की वजह से उन्हें चलने-फिरने में काफी दिक्कत होती है. 25 साल की उम्र से ही उन्हें व्हीलचेयर और बैसाखी का सहारा लेना पड़ रहा है. उनके घुटनों पर लगातार दबाव रहने से उन्हें हमेशा दर्द रहता है.

6 बड़ी सर्जरी झेल चुके हैं सुल्तान
अपनी हालत को संभालने के लिए सुल्तान अब तक 3 बार ब्रेन सर्जरी और 3 बार पैरों की सर्जरी करवा चुके हैं. उनका वजन भी करीब 165 किलो (26 स्टोन) से ज्यादा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है. सुल्तान कहते हैं कि अगर वह अपनी जिंदगी में कुछ बदल सकते, तो सिर्फ अपने घुटनों को ठीक करना चाहते ताकि वह सामान्य लोगों की तरह चल-फिर सकें और घूम सकें.

फिर से प्यार मिलने की उम्मीद
सुल्तान आज भी एक साथी की तलाश में हैं. उनका कहना है कि अगर उन्हें दोबारा प्यार मिल जाए, तो वह दुनिया के सबसे खुश इंसान बन जाएंगे. हालांकि वह खुद को लेकर काफी निराश भी नजर आते हैं. उन्होंने मजाक में कहा, 'मैं बहुत बदसूरत हूं. अगर मैं हैंडसम होता, तो शायद मुझे कोई मिल जाता.'

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement