Advertisement

धर्म

35 साल पुरानी परंपरा का दिखा भव्य रंग, झांसी में बप्पा के स्वागत को उमड़ा हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब

अजय झा
  • जबलपुर,
  • 09 सितंबर 2026,
  • Updated 3:47 PM IST
1/6

झांसी में गणेशोत्सव का उत्साह इस बार बड़ा ही खास है. बड़ा बाजार स्थित डॉक्टर मिसुरिया वाली गली में गणपति बप्पा की भव्य प्रतिमा के आगमन पर हजारों श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े. जबलपुर से लाई गई गणेश प्रतिमा के साथ बैंड, झांकियों और ढोल-नगाड़ों ने पूरे इलाके को भक्तिमय बना दिया. बप्पा की एक झलक पाने के लिए झांसी के साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे.

2/6

महाराष्ट्र जाने की जरूरत नहीं, झांसी में दिखी भव्यता
आयोजन से जुड़े संजय पटवारी ने कहा कि अब झांसीवासियों को गणेश उत्सव का आनंद लेने के लिए महाराष्ट्र जाने की जरूरत नहीं है. इस बार शहर में ही महाराष्ट्र की संस्कृति और गणेशोत्सव की भव्य झलक देखने को मिल रही है. उन्होंने कहा कि शहर में बप्पा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

3/6

35 साल से जबलपुर से आ रही गणेश प्रतिमा
संजय पटवारी के मुताबिक झांसी में गणेश उत्सव की परंपरा काफी पुरानी है. गंगाधर राव के समय से चली आ रही इस परंपरा का आज भी पालन किया जा रहा है. पिछले करीब 35 वर्षों से गणेश प्रतिमा विशेष रूप से जबलपुर से मंगाई जा रही है. इस बार भी बप्पा की प्रतिमा के साथ जबलपुर का खास बैंड और आकर्षक झांकियां शामिल रहीं.

4/6

बप्पा के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
गणेश प्रतिमा के भव्य आगमन के दौरान सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई. लोग घंटों तक बप्पा की एक झलक पाने का इंतजार करते रहे. जैसे ही प्रतिमा पहुंची, पूरा इलाका गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा. ढोल-नगाड़ों और बैंड की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोगों में उत्साह दिखाई दिया.

5/6

बुंदेलखंड में बढ़ रहा गणेशोत्सव का रंग
आयोजकों का कहना है कि गणेश उत्सव अब सिर्फ महाराष्ट्र तक सीमित नहीं रहा. झांसी और पूरे बुंदेलखंड में भी इस पर्व को लेकर लोगों की आस्था और उत्साह लगातार बढ़ रहा है. शहर में जगह-जगह गणेश प्रतिमाओं की स्थापना, सजावट और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.

6/6

संजय पटवारी ने कहा कि गणेशोत्सव लोगों को एक साथ जोड़ने और भक्ति के माहौल में खुशियां मनाने का अवसर देता है. उन्होंने श्रद्धालुओं से बप्पा की भव्य बारात में शामिल होने और उत्सव का आनंद लेने की अपील की. फिलहाल पूरा बड़ा बाजार गणपति भक्ति में डूबा हुआ है और हर तरफ गणपति बप्पा मोरया के जयकारे सुनाई दे रहे हैं.

Advertisement
Advertisement