Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया आज, कब करें मां लक्ष्मी की पूजा, क्या है सोना खरीदने का शुभ मुहूर्त? गोल्ड महंगा तो खरीद सकते हैं ये चीजें भी 

Akshaya Tritiya: आज अक्षय तृतीया है. इस दिन मां लक्ष्मी और विष्णु भगवान की पूजा की जाती है. इस दिन सोना खरीदना शुभ माना जाता है. यहां आप जान सकते हैं पूजा और सोना खरीदने के लिए शुभ मुहूर्त क्या है? इसके साथ ही यह भी जान सकते हैं कि सोना की जगह और किन-किन चीजों को खरीदना शुभ माना जाता है? 

Akshaya Tritiya 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 19 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:14 AM IST

Akshaya Tritiya 2026: हिंदू धर्म का पावन पर्व अक्षय तृतीया 19 अप्रैल दिन रविवार को है. इस साल तृतीया तिथि रविवार आज सुबह 10:49 बजे से शुरू होकर अगले दिन यानी सोमवार को सुबह 7:27 बजे तक रहेगी. अक्षय तृतीया के दिन मां लक्ष्मी और विष्णु भगवान की पूजा की जाती है. इस दिन सोना खरीदना शुभ माना जाता है. यहां आप जान सकते हैं पूजा और सोना खरीदने के लिए शुभ मुहूर्त क्या है? इसके साथ ही यह भी जान सकते हैं कि गोल्ड की जगह और किन-किन चीजों को खरीदना शुभ माना जाता है? 

अक्षय तृतीया पर पूजा के लिए क्या है शुभ मुहूर्त
द्रिक पंचांग के मुताबिक रविवार को अक्षय तृतीया पर मां लक्ष्मी और भगवान विष्णू की पूजा के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 10 बजकर 49 मिनट से दोपहर 12 बजकर 20 मिनट तक रहेगा. संध्याकाल में शाम 6 बजकर 49 मिनट से लेकर रात 10 बजकर 57 मिनट तक पूजा का मुहूर्त है. यदि आप दफ्तर या कार्यस्थल पर पूजा करना चाहते हैं तो शाम 5 बजकर 50 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 06 मिनट तक शुभ रहेगा.

अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का क्या है शुभ मुहूर्त
ज्योतिष के अनुसार अक्षय तृतीया पर पूरे दिन अबूझ मुहूर्त रहता है यानी इस दिन बिना किसी विशेष मुहूर्त देखे भी खरीदारी की जा सकती है. अक्षय तृतीया को सोना खरीदना बेहद शुभ माना जाता है. इस दिन खरीदा गया सोना घर में धन और खुशहाली लाता है. ऐसी मान्यता है कि इस दिन किया गया काम, खरीदी या निवेश हमेशा बढ़ता रहता है. अक्षय का मतलब होता है जो कभी खत्म न हो. अक्षय तृतीया पर नया बिजनेस शुरू करना, प्रॉपर्टी खरीदना, निवेश करना और शुभ कार्यों की शुरुआत करना चाहिए. ऐसा माना जाता है कि इस दिन शुरू किए गए काम लंबे समय तक सफलता और स्थिरता देते हैं. द्रिग पंचांग के मुताबिक अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का शुभ मुहूर्त सुबह 10 बजकर 49 मिनट से लेकर पूरे दिन बना रहेगा. इस बीच आप किसी भी समय सोना-चांदी की खरीदारी कर सकते हैं. इसके अलावा, आप चाहें तो चौघड़िया मुहूर्त देखकर भी सोना-चांदी या कोई मूल्यवान चीज खरीद सकते हैं.

शुभ चौघड़िया मुहूर्त
1. सुबह का मुहूर्त (चर, लाभ, अमृत): रविवार सुबह 10:49 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक
2. दोपहर का मुहूर्त (शुभ): रविवार दोपहर 01:58 बजे से 03:35 बजे तक
3. शाम का मुहूर्त (शुभ, अमृत, चर): रविवार शाम 06:49 बजे से रात्रि 10:57 बजे तक
4. रात का मुहूर्त (लाभ): रविवार रात्रि 01:43 बजे से 03:05 बजे तक, 20 अप्रैल

इन चीजों की खरीदारी भी होता है शुभ 
सोना महंगा होने के चलते यदि आप इसे नहीं खरीद पा रहे हैं तो अक्षय तृतीया के दिन कई और चीजों को खरीदारी करना भी शुभ होता है. आप इस दिन जौ और धनिये के बीज की खरीदारी कर सकते हैं. जौ और धनिये के बीज खरीदने का महत्व सोने के बराबर माना गया है. जौ या धनिये के बीज खरीदकर माता लक्ष्मी के चरणों में अर्पित करें. अक्षय तृतीया पर मिट्टी का नया घड़ा खरीदना शुभ होता है. इस दिन शंख और कौड़ियां भी खरीद सकते हैं. बिजनेस में उन्नति चाहते हैं तो इस दिन दक्षिणावर्ती शंख और 11 कौड़ियां जरूर खरीदें. अक्षय तृतीया के दिन श्रीयंत्र और गोमती चक्र भी खरीदना शुभ होता है. अक्षय तृतीया पर पीतल के बर्तन खरीदना भी बेहद शुभ माना जाता है. इससे सौभाग्य मजबूत होता है. आप अक्षय तृतीया के दिन घर, जमीन, कपड़े, किताबें, इलेक्ट्रॉनिक सामान, वाहन, फर्नीचर और खेती से जुड़े उपकरण खरीद सकते हैं. 


 

Read more!

RECOMMENDED