Amarnath Yatra 2026: बाबा बर्फानी के दर्शन में सिर्फ एक महीने बाकी, अब तक साढ़े 3 लाख रजिस्ट्रेशन, जोरशोर से तैयारी

अमरनाथ यात्रा की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं. जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप में श्रद्धालुओं के लिए इतंजाम किए जा रहे हैं. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो रही है. अब तक साढ़े 3 लाख रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं.

Amarnath Yatra 2026
gnttv.com
  • जम्मू,
  • 03 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:09 PM IST

अमरनाथ यात्रा की शुरुआत अगले महीने 3 जुलाई से होने जा रही है. इस यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी तरह से तेज हो गईं हैं. यहां यात्रियों के स्वागत के लिए यात्री भवन का रंग रोगन करके उसे पूरी तरह से तैयार किया जा रहा है. आज से ठीक एक महीने के बाद कश्मीर की खूबसूरत वादियों में भोलेनाथ के भक्तों का मेला लगने जा रहा है. ऐसे में यहां पर यात्रियों का स्वागत करने के लिए पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं.

एक महीने बाद शुरू होगी अमरनाथ यात्रा-
एक बार फिर देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए कश्मीर पहुंचने वाले हैं, क्योंकि अब वो तारीख दूर नहीं, जब पूरे उत्साह और उल्लास के साथ कश्मीर की हसीन वादियों में अमरनाथ यात्रा आरंभ होगी. ठीक एक महीने बाद यानी 3 जुलाई से बाबा बर्फानी की पवित्र यात्रा का शुभारंभ होने जा रहा है.

जम्मू में बेस कैंप में तैयारी-
तैयारियां ज़ोरशोर से जारी हैं. इस पवित्र यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता, तभी तो जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप में इंतजामों अपने अंतिम दौर में हैं. पूरे भवन को संवारा जा रहा है, रंगाई पुताई और सफाई का काम जोर शोर से किया जा रहा है.

श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं-
यात्रा शुरु होने से पहले ही देशभर के श्रद्धालु यहां जुटने लगते हैं. ऐसे में यहां यात्रियों के ठहरने, लंगर, मेडिकल समेत तमाम सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है. इसी यात्री निवास से तीर्थ यात्रियों का पहला जत्था 2 जुलाई को रवाना होगा. 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम-
इस पवित्र यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा भी अहम है, जिसे ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 670 कंपनियां तैनात करने का फैसला किया है. हर हरकत पर सीसीटीवी कैमरों से नज़र रखी जा रही है और साथ में डॉग स्क्वॉड की भी तैनाती की गई है.

डोगरा संस्कृति की मिलेगी झलक-
इस बार अमरनाथ यात्रियों का भव्य स्वागत करने के लिए भी खास तैयारी की जा रही है. जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले लखनपुर की दीवारों को खासतौर से सजाया और संवारा जा रहा है, इन दीवारों पर डोगरा कला और संस्कृति को समेटे 3D वॉल म्यूरल बनाए जा रहे हैं, जैसे ही देश के कोने-कोने से शिवभक्त जम्मू-कश्मीर की धरती पर कदम रखेंगे, उन्हें यहाँ की समृद्ध डोगरा संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिलेगी.

अब तक साढ़े 3 लाख रजिस्ट्रेशन-
हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन करने घाटी पहुंचेंगे. अब तक साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. आने वाले दिनों में ये तादाद और ज्यादा बढ़ेगी, फिलहाल तैयारियां तेज हैं और इंतजार 2 जुलाई का है, जब इस पवित्र यात्रा के लिए भक्तों का पहला जत्था रवाना होगा.

(सुनीलजी भट्ट की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED