आस्था की अनोखी मिसाल: भक्त ने साईं बाबा को चढ़ाया करोड़ों का सोने का मुकुट, दशावतार की कलाकृति ने जीता दिल

आंध्र प्रदेश के नेल्लोर निवासी भक्त मल्लादी श्रीनिवास राव ने साईं बाबा को 1.03 करोड़ रुपये कीमत का सोने का मुकुट अर्पित किया. यह मुकुट 642 ग्राम सोने से तैयार किया गया है, जिसे गुरु दक्षिणा के रूप में मंदिर को समर्पित किया गया.

Shirdi Sai Baba gold crown
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 28 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:48 PM IST

गुरु पूर्णिमा के खास मौके पर शिरडी साईं बाबा मंदिर में एक भक्त ने अपनी श्रद्धा और भक्ति का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है. आंध्र प्रदेश के नेल्लोर निवासी भक्त मल्लादी श्रीनिवास राव ने साईं बाबा के चरणों में 1.03 करोड़ रुपये कीमत का सोने का मुकुट अर्पित किया. 642 ग्राम सोने से तैयार किया गया यह मुकुट भक्त ने गुरु दक्षिणा के रूप में मंदिर को समर्पित किया है.

श्री साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक, यह सोने का मुकुट बेहद बारीकी से तैयार किया गया है. मुकुट पर भगवान विष्णु के दशावतार यानी उनके 10 प्रमुख अवतारों की आकृतियां बनाई गई हैं. इसी वजह से यह मुकुट न सिर्फ कीमती है, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी बेहद खास माना जा रहा है. गुरु पूर्णिमा समारोह के पहले दिन भक्त मल्लादी श्रीनिवास राव ने यह मुकुट साईं बाबा को अर्पित किया. उन्होंने इसे अपनी आस्था और बाबा के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बताया.

साईं बाबा को माना नवग्रह का स्वरूप
इंडिया टुडे टीवी से बातचीत में श्रीनिवास राव ने बताया कि इस मुकुट को बनवाने की प्रेरणा उन्हें साईं बाबा के नवग्रह स्वरूप से मिली. उन्होंने कहा कि उनके लिए साईं बाबा ही नवग्रहों का स्वरूप हैं और इसी भावना के साथ उन्होंने यह विशेष भेंट अर्पित की. उन्होंने कहा कि साईं बाबा में भगवान विष्णु, भगवान शिव, भगवान ब्रह्मा, भगवान दत्तात्रेय और मां शक्ति जैसे कई दिव्य रूपों का समावेश माना जाता है. यह मुकुट उनके प्रति श्रद्धा और धन्यवाद व्यक्त करने का एक माध्यम है.

मंदिर ट्रस्ट ने भक्त का जताया आभार
श्री साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट के सीईओ गोरक्ष गाडिलकर ने इस भेंट के लिए भक्त का आभार जताया. उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व साईं भक्तों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इस दिन श्रद्धालु अपने गुरु के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए गुरु दक्षिणा अर्पित करते हैं. उन्होंने बताया कि श्रीनिवास राव लंबे समय से साईं बाबा के भक्त हैं और कई बार शिरडी आ चुके हैं. इससे पहले भी उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की सामाजिक और सेवा से जुड़ी योजनाओं में योगदान दिया है. उन्होंने साईं बाबा अस्पताल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए भी सहायता की है.

गुरु पूर्णिमा पर शिरडी में उमड़ी भक्तों की भीड़
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हर साल देशभर से हजारों श्रद्धालु शिरडी पहुंचते हैं. इस बार भी मंदिर में विशेष पूजा और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. भक्त द्वारा चढ़ाया गया यह करोड़ों रुपये का सोने का मुकुट इस साल की सबसे खास और मूल्यवान भेंटों में से एक बन गया है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED