Advertisement

Ayodhya Deepotsav: अयोध्या दीपोत्सव पर ऑनलाइन कर सकते हैं दीपदान, घर पहुंचेगा प्रसाद

ऑनलाइन दीपदान की ये योजना पिछले साल शुरू की गई थी, पर इस बार अनुमान है कि बहुत बड़ी संख्या में लोग इसके जरिए अयोध्या दीपोत्सव से जुड़ेंगे. इस प्रसाद को तैयार करने की ज़िम्मेदारी प्रसाद को तैयार उत्तर प्रदेश 'राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन' को दी गई है.

Ayodhya Deepotsav
शिल्पी सेन
  • अयोध्या,
  • 18 अक्टूबर 2024,
  • अपडेटेड 11:30 AM IST
  • दीपोत्सव में शामिल हों, ऑनलाइन करें दीपदान
  • प्रसाद तैयार करने में महिलाओं को मिलेगा रोज़गार

रामजन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर के लोकार्पण के बाद होने वाला पहले दीपोत्सव पर जहां नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है. वहीं अयोध्या से दूर बैठे रामलला के भक्तों को भी इस दीपोत्सव में शामिल होने का मौका मिलेगा. अयोध्या विकास प्राधिकरण ने 'एक दीया प्रभु श्रीराम के नाम' योजना तैयार की है, जिसके जरिए घर बैठे श्रद्धालु भी दीपोत्सव में दीया जला सकेंगे. लोग दीये की बुकिंग करने के लिए ऑनलाइन दान कर सकेंगे, उसके बाद प्रसाद उनके घर भेजा जाएगा.

दीपोत्सव में शामिल हों, ऑनलाइन करें दीपदान
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद 30 अक्टूबर को होने वाले आठवें दीपोत्सव को भव्य बनाने में यूपी सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती. इसके लिए बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. इस बीच यूपी सरकार ने दूर बैठे रामलला के भक्तों को इस आयोजन से जोड़ने की योजना बनाई है. इसके तहत अयोध्या विकास प्राधिकरण 'एक दीया प्रभु श्रीराम के नाम' की योजना शुरू कर रहा है. इसमें लोग अयोध्या से बाहर रहकर भी ऑनलाइन दीया जला सकते हैं. इसके लिए एक लिंक भी साझा किया गया है. इस लिंक के जरिए दीपोत्सव के लिए दीये की बुकिंग की जा सकती है. http://www.divyaayodhya.com/bookdiyaprashad  लिंक पर अपने नाम के दीये की बुकिंग करने के बाद घर तक प्रसाद भेजा जाएगा.

प्रसाद तैयार करने में महिलाओं को मिलेगा रोजगार
ऑनलाइन दीपदान की ये योजना पिछले साल शुरू की गई थी, पर इस बार अनुमान है कि बहुत बड़ी संख्या में लोग इसके जरिए अयोध्या दीपोत्सव से जुड़ेंगे. इस प्रसाद को तैयार करने की ज़िम्मेदारी प्रसाद को तैयार उत्तर प्रदेश 'राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन' को दी गई है. इससे आजीविका मिशन से जुड़े लोगों को रोजगार मिलेगा जिसमें बड़ी संख्या महिलाओं की है. अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि 'इस कार्यक्रम के द्वारा देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से अपने स्वेच्छानुसार राशि दान स्वरूप दे सकेंगे.'

भव्य दीपोत्सव के लिए समितियों का गठन
इस बीच अयोध्या में होने वाले आठवें दीपोत्सव को अब तक का सबसे भव्य दीपोत्सव बनाने के लिए तैयारी तेज हो गई है. सरयू के घाट पर मार्किंग का काम शुरू हो गया है. इस बार 25 लाख दीये जलाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है. इसके लिए घाट पर 28 लाख दीये लगाए जाएंगे. दीपोत्सव के संचालन के लिए 22 समितियों का गठन किया गया है.समन्वय समिति का गठन किया गया है जिसमें अवध विश्वविद्यालय की कुलपति के अलावा अन्य सदस्य शामिल हैं.

इसके अलावा अनुशासन समिति, सुरक्षा समिति, सामग्री वितरण समिति, दीप गणना समिति, भोजन समिति, यातायात समिति, स्वच्छता समिति, फोटोग्राफी व मीडिया समिति, त्वरित कार्यवाही बल समिति, प्राथमिक चिकित्सा समिति, साजसज्जा/रंगोली समिति, पर्यवेक्षक समिति, अग्निशमन समिति, समग्र नियंत्रण एवं पर्यवेक्षण समिति, कार्यालय समिति, निविदा एवं क्रय समिति, वालंटियर एवं आईकार्ड समिति, इंस्टीटयूशनल कोआर्डिनेशन समिति, प्रशिक्षण समिति, सामग्री प्राप्ति/स्टोरेज/अवशेष समिति एवं घाट चिन्हांकन समिति बनाई गई है. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement