Advertisement

Badrinath Dham Yatra Record: बदरीनाथ धाम में टूटा आस्था का रिकॉर्ड, 15 जून से पहले ही 11 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

14 जून की शाम तक कुल 11 लाख से ज्यादा श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं. जून का आधा महीना बीतने से पहले ही यह आंकड़ा पार पहुंचना बदरीनाथ के यात्रा इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि है.

Badrinath Dham yatra record 2026
gnttv.com
  • चमोली,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:49 PM IST

उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में इस साल श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. 14 जून की शाम 5 बजे तक कुल 11 लाख 9 हजार 993 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं. खास बात यह है कि 15 जून आने से पहले ही यह आंकड़ा 11 लाख के पार पहुंच गया, जिसे यात्रा इतिहास का एक बड़ा पड़ाव माना जा रहा है.

आमतौर पर विशेष धार्मिक आयोजनों के बाद यात्रियों की संख्या में कमी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार बदरीनाथ धाम में तस्वीर अलग दिखाई दे रही है. पुरुषोत्तम मास समाप्त होने के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है. धाम में सुबह से लेकर शाम तक 'जय बद्रीविशाल' के जयकारे गूंज रहे हैं और दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं.

मौसम और जाम भी नहीं रोक पा रहे श्रद्धालु
यात्रा मार्ग पर कई जगह ट्रैफिक जाम और बदलते मौसम की चुनौतियां सामने आ रही हैं. इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अडिग बनी हुई है. बारिश, ठंड और लंबी यात्रा का सामना करते हुए बड़ी संख्या में लोग भगवान नारायण के दर्शन के लिए बदरीनाथ पहुंच रहे हैं. धाम में हर दिन श्रद्धालुओं का लगातार बढ़ता रेला देखने को मिल रहा है.

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ने जताई खुशी
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि इस वर्ष की यात्रा बेहद शानदार तरीके से आगे बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि अब तक 11 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं. उनके अनुसार जिस तरह यात्रा नए-नए रिकॉर्ड बना रही है, उससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वह कथन भी सच साबित होता दिख रहा है जिसमें उन्होंने कहा था कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा.

व्यवस्थाओं पर लगातार नजर
ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन मिल सके, इसके लिए प्रशासन और मंदिर समिति मिलकर लगातार निगरानी कर रहे हैं. यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है.

आस्था का सैलाब बना नया कीर्तिमान
पिछले वर्षों में 15 से 20 जून के आसपास भी इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ नहीं पहुंचे थे. इस बार पुरुषोत्तम मास, धार्मिक आयोजनों और भागवत कथा जैसे कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को बड़ी संख्या में धाम तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया है. जून का आधा महीना भी पूरा नहीं हुआ और यात्रा ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं के चेहरों पर दिखने वाली खुशी और संतोष यह साफ बताता है कि कठिन यात्रा और मौसम की चुनौतियों के बावजूद यह अनुभव उनके लिए बेहद दिव्य, आध्यात्मिक और यादगार साबित हो रहा है.


(रिपोर्ट- कमलनयन सिलोड़ी)

ये भी पढ़ें


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement