Advertisement

सावन में अनोखी कांवड़ यात्रा: 111 KM पैदल चलकर 3 पालतू कुत्तों संग 12 दिन पैदल पहुंचे रामनगर, Video Viral

सावन के दूसरे सोमवार पर बगहा के रामनगर स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर में आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिला. यहां एक भक्त 3 पालतू कुत्तों संग 12 दिन में 111 किमी पैदल चलकर रामनगर पहुंचा.

Devotee sets out on Kanwar Yatra with 3 pet dogs
अभिषेक पाण्डेय
  • बगहा,
  • 11 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 6:15 PM IST

सावन के दूसरे सोमवार पर बगहा के रामनगर स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर में आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिला. यहां बगहा-1 थाना क्षेत्र के छत्रवल गांव, वार्ड-1, चखनी पंचायत निवासी धर्मेंद्र अपने तीन पालतू कुत्तों के साथ कांवड़ लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे. धर्मेंद्र के साथ उनके पालतू कुत्ते शेरू, टाइगर और मोती भी इस धार्मिक यात्रा का हिस्सा बने.

धर्मेंद्र ने बताया कि करीब 12 दिन पहले उन्होंने वाल्मीकि नगर स्थित त्रिवेणी से जल उठाया था. इसके बाद जंगल के रास्ते बगहा और भैरोगंज होते हुए करीब 111 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर रामनगर पहुंचे. इस दौरान उनके तीनों पालतू कुत्ते भी लगातार उनके साथ चलते रहे. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में धर्मेंद्र के साथ तीनों कुत्तों को कांवड़ के साथ चलते देखा जा सकता है. यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों की नजर इस अनोखी कांवड़ पर पड़ी तो लोग भी इसे देखने के लिए रुक गए.

मां ने छोड़ा तो धर्मेंद्र ने दिया सहारा
धर्मेंद्र के मुताबिक, जब शेरू, टाइगर और मोती का जन्म हुआ था, तब उनकी मां ने उन्हें छोड़ दिया था. उस समय से उन्होंने तीनों को अपने साथ रखा और उनकी देखभाल की. धर्मेंद्र कहते हैं कि जब इन कुत्तों ने पहली बार आंखें खोलीं तो उन्हें ही देखा था. तभी से ये उनके साथ हैं.

उन्होंने कहा, ये मेरे लिए सिर्फ पालतू जानवर नहीं, बल्कि परिवार और सच्चे साथी हैं. ये कभी धोखा नहीं देते. मेरी एक आवाज पर दौड़े चले आते हैं. धर्मेंद्र ने बताया कि अपने कुत्तों से इसी लगाव के कारण उन्होंने उन्हें भी कांवड़ यात्रा में साथ ले जाने का फैसला किया. उनका कहना है कि जब भगवान सबके हैं, तो इन बेजुबान साथियों का भी मंदिर में जाने और भगवान के दर्शन करने का अधिकार है.

पूरी यात्रा के दौरान 'हर-हर महादेव' के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा. तीनों कुत्तों के साथ धर्मेंद्र की अनोखी कांवड़ को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी और लोगों ने उनकी श्रद्धा और पशु प्रेम की जमकर सराहना की.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement