9 Days and 9 Colours of Navratri: नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है. चैत्री नवरात्रि 2026 का शुभारंभ 19 मार्च दिन गुरुवार से हो गया है और इसका समापन 27 मार्च दिन शुक्रवार को होगा. चैत्र नवरात्रि में मां दुर्गा के प्रिय रंग के वस्त्र धारण करने से पूरे साल माता रानी की कृपा बरसती है. हर दिन एक विशेष रंग के कपड़े को पहनना शुभ माना जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं नवरात्रि के किस दिन कौन से रंग के कपड़े पहनने चाहिए.
चैत्र नवरात्रि के 9 दिन कौन से रंग के पहनें कपड़े
1. पहला दिन: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जाती है. मां शैलपुत्री को पीला रंग काफी प्रिय है. ऐसे में इस दिन पीले रंग के कपड़े पहनने चाहिए. पीला रंग खुशहाली, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक होता है.
2. दूसरा दिन: चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की आराधना की जाती है. इस दिन हरे रंग के कपड़े को पहनना शुभ माना जाता है. हरा रंग प्रकृति, शांति, उन्नति और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है.
3. तीसरा दिन: चैत्र नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है. मां चंद्रघंटा को ग्रे रंग प्रिय है. ऐसे में इस दिन ग्रे (स्लेटी) रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है. ग्रे रंग संतुलन और स्थिरता को दर्शाता है.
4. चौथा दिन: चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना की जाती है. इस दिन नारंगी रंग के कपड़े को पहनना शुभ माना जाता है. नारंगी रंग साहस, शक्ति, ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक होता है.
5. पांचवां दिन: चैत्र नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की आराधना की जाती है. इस दिन सफेद वस्त्र पहनना चाहिए क्योंकि यह रंग मां स्कंदमाता को पसंद है. सफेद रंग पवित्रता और शांति का प्रतीक माना जाता है.
6. छठा दिन: चैत्र नवरात्रि के छठवें दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है. मां कात्यायनी को लाल रंग प्रिय है. ऐसे में इस दिन लाल रंग के कपड़े को पहनना शुभ माना जाता है. लाल रंग शक्ति, साहस और प्रेम का प्रतीक होता है.
7. सातवां दिन: चैत्र नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना की जाती है. इस दिन नीले रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है. यह रंग आत्मविश्वास और ताकत को दर्शाता है.
8. आठवां दिन: चैत्र नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की आराधना की जाती है. मां महागौरी को गुलाबी रंग प्रिय है. ऐसे में इस दिन गुलाबी रंग पहनना चाहिए. गुलाबी रंग प्रेम, करुणा और सकारात्मक भावनाओं का प्रतीक है.
9. नौवां दिन: चैत्र नवरात्रि के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की आराधना की जाती है. इस दिन बैंगनी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है. इस रंग आध्यात्मिकता और समृद्धि का प्रतीक है.