दो दिनों की बारिश के बाद बद्रीनाथ धाम में मौसम साफ हो गया है. सोमवार सुबह से चटक धूप खिलने के साथ ही धाम में फिर से रौनक लौट आई. मंदिर परिसर से लेकर ब्रह्मकपाल और बाजार तक श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है. ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के कारण ठंड और बर्फीली हवाएं चल रही हैं, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है.
मौसम साफ होते ही फिर तेज हुई चारधाम यात्रा
बारिश और खराब मौसम के चलते 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक चारधाम यात्रा स्थगित रखी गई थी. इस दौरान श्रद्धालु छाता, बरसाती और गर्म कपड़ों के सहारे बद्रीनाथ पहुंच रहे थे. अब मौसम में सुधार के बाद यात्रा फिर से सुचारू कर दी गई है. गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के आदेश के बाद जिलाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं. स्थानीय मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी यात्रा संचालन को लेकर फैसला ले सकते हैं.
पितृपक्ष में रोज पहुंच रहे हजारों श्रद्धालु
पितृपक्ष के दौरान बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. इन दिनों रोजाना करीब 5 से 10 हजार श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. रविवार रात तक करीब 18 लाख 5 हजार श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर चुके थे.
2023 के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंची यात्रा
साल 2023 में पूरी यात्रा के दौरान करीब 18 लाख 40 हजार श्रद्धालु बद्रीनाथ पहुंचे थे. यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा रहा है. इस साल सितंबर का महीना पूरा होने से पहले ही श्रद्धालुओं की संख्या 18 लाख के पार पहुंच गई है और यात्रा पुराने रिकॉर्ड के बेहद करीब है. बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने में अभी दो महीने से ज्यादा का समय बाकी है. ऐसे में मौसम साफ रहने पर आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: