Advertisement

Char Dham Yatra 2025: श्रद्धालु ध्यान दें! 30 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा... पैसे देकर वीआईपी दर्शन बंद... रील बनाने वालों की रहेगी नो एंट्री

Char Dham Yatra 2025 New Rules: उत्तराखंड में 30 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा में इस बार सोशल मीडिया रील्स बनाने वालों पर खास नजर होगी. यात्रा के दौरान कोई रील बनाता मिला तो बिना दर्शन उसे लौटा दिया जाएगा.

Char Dham Yatra
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 28 मार्च 2025,
  • अपडेटेड 1:38 AM IST
  • पिछले साल रील बनाने वालों के कारण चारधाम यात्रा में फैली थी अव्यवस्था 
  • पैसे लेकर दर्शन करवाना भगवान की मर्यादा के है खिलाफ 

चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है. इस साल 30 अप्रैल से यात्रा शुरू हो रही है. अभी तक लाखों श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण करा लिया है. इससे साफ है कि इस बार यात्रा ऐतिहासिक रहने वाली है. उधर, श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लेकर केदारनाथ और बद्रीनाथ पंडा समाज जुटा हुआ है. 

यूट्यूबर्स की एंट्री रोकने की तैयारी 
केदारनाथ और बद्रीनाथ पंडा समाज ने तय किया है कि इस बार मंदिर परिसर में वीडियो रील्स बनाने वालों को नहीं आने देंगे. यात्रा के दौरान यदि कोई सोशल मीडिया रील बनाता मिला तो बिना दर्शन उसे लौटा दिया जाएगा. इस कदम की जानकारी प्रशासन को भी दे दी गई है. 

दरअसल, पिछले साल रील बनाने वालों के कारण चारधाम यात्रा में काफी अव्यवस्था फैली थी. समुद्र तल से 12,000 फिट ऊपर केदारनाथ धाम में ढोल नगाड़ों का शोर सिर्फ रील बनाने के लिए किया गया था. यात्रा शुरू होने के बाद 10 से 12 दिनों तक पूरी शिवालिक पर्वतमाला में ये शोर गूंजता रहा.

बताया जाता है कि चारधाम की प्रकृति के लिए ये शोर शराबा ठीक नहीं है इसलिए इस बार कैमरा ऑन भी नहीं करने देंगे. इसके अलावा पैसे देकर वीआईपी दर्शन की व्यवस्था भी सभी धामों पर बंद रहेगी. बद्रीनाथ धाम की पंडा पंचायत का कहना है कि ये पैसे लेकर दर्शन करवाना भगवान की मर्यादा के खिलाफ है.

सबसे पहले मा गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे
30 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा में सबसे पहले मा गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे. इसके बाद 2 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे और आखिर में 4 मई को विधि विधान से भगवान बद्रीनाथ धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे. इसके साथ ही पूर्ण रूप से चार धाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी.

10 जगह होल्डिंग एरिया
इस बार चारधाम यात्रा के दौरान खराब मौसम और मुश्किल हालात में यात्रियों को रोकने के लिए 10 जगहों पर होल्डिंग एरिया होंगे. यहां यात्रियों को होटल जैसी सुविधाएं मिलेंगी. ये होल्डिंग एरिया हरिद्वार,ऋषिकेश, ब्यासी, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग, हरबटपुर, विकासनगर, बड़कोट और भटवाड़ी में होंगे.

यहां पानी, शौचालय, रात बिताने के लिए बिस्तर, दवाएं और खाने की इमरजेंसी व्यवस्था रहेगी. पूरे यात्रा मार्ग को 10-10 किलोमीटर के सेक्टरों में बांटा गया है. हर सेक्टर में 6 पुलिसकर्मी होंगे. वह बाइक पर तैनात रहेंगे, जिससे यात्रियों को परेशानी के समय तुरंत मदद मिल सके.

इतने श्रद्धालु करा चुके हैं रजिस्ट्रेशन
चारधाम यात्रा के लिए अब तक करीब 10,00,000 श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चूके हैं. सबसे ज्यादा पौने तीन लाख श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. बद्रीनाथ के लिए 2.24 लाख, यमुनोत्री के लिए 1.34 लाख, गंगोत्री के लिए 1.38 लाख व हेमकुंड साहिब के लिए 8 हजार श्रद्धालु दर्शन करने आएंगे.

यात्रा शुरू होने के बाद हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू होगी. पर्यटन विकास परिषद रजिस्ट्रेशन के लिए वेबसाइट के अलावा मोबाइल नंबर, वॉट्सएप और टोल फ्री नंबर भी जारी करेगा. इस पर कॉल कर आप अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement