Advertisement

Kedarnath जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए जरूरी खबर! 24 घंटे पहले टिकट रद्द किया तो वापस नहीं होगा किराया, जानें कितना बढ़ गया है भाड़ा

Kedarnath Heli Service: हेली सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए जल्द आईआरसीटीसी के साथ अनुबंध किया जाएगा.इससे टिकटों की कालाबाजारी नहीं हो सकेगी. इस साल हजारों श्रद्धालुओं के केदारनाथ जाने का अनुमान है.

25 अप्रैल से बाबा केदारनाथ का कपाट खुलेगा.
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 21 मार्च 2023,
  • अपडेटेड 6:17 PM IST
  • 72 घंटे पहले टिकट रद्द करने पर 75 प्रतिशत किराया हो सकता है वापस 
  • हर साल हजारों श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए जाते हैं

साल 2023 में ज्योतिर्लिंग केदारनाथ के कपाट खुलने की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. कपाट 25 अप्रैल को सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर खुलेगा. इस साल भी हजारों श्रद्धालुओं के जाने का अनुमान है. ऐसे में बाबा के भक्तों के लिए एक जरूरी खबर है. अब चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा से जाने वाले तीर्थयात्रियों को 24 घंटे पहले टिकट रद्द करने पर किराया वापस नहीं होगा. 72 घंटे पहले टिकट रद्द करने पर 75 प्रतिशत किराया वापस हो सकता है. हेली सेवा के टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है.

आईआरसीटीसी के साथ होगा अनुबंध
इस बार हेली सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए जल्द आईआरसीटीसी के साथ अनुबंध किया जाएगा.इससे टिकटों की कालाबाजारी नहीं हो सकेगी. यूकाडा ने अब तक फाटा, सिरसी से हेली सेवा सचांलन के लिए पवन हंस, हिमालयन हेली, कैट्रल एविएशन को तीन साल के लिए कार्य दे दिया है. गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए हेली सेवा के टेंडर 21 मार्च को खुलेंगे.

इतना बढ़ा किराया
फाटा से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा से आने-जाने का किराया प्रति यात्री 5500 रुपए और सिरसी से केदारनाथ के लिए 5498 रुपए तय किया गया है. पिछले साल की तुलना में फाटा से प्रति यात्री किराये में 780 रुपए और सिरसी से 818 रुपए की बढ़ोतरी हुई है. तीन साल बाद हेली कंपनियों ने किराये में बढ़ोतरी की है.

इस समय से शुरू हो सकती है टिकट बुकिंग
केदारनाथ हेली सेवा के लिए अप्रैल के प्रथम सप्ताह से टिकटों की बुकिंग शुरू हो सकती है. केदारनाथ धाम के लिए 70 प्रतिशत टिकटों की बुकिंग ऑनलाइन की जाती है, जबकि 30 प्रतिशत टिकट हेली कंपनियों के माध्यम से दिए जाते हैं.

केदारघाटी में लगेंगे कैमरे
हेली सेवा का सफर सुरक्षित करने के लिए केदारघाटी में जगह-जगह कैमरे लगाए जाएंगे. ये कैमरे कंट्रोल रूम से कनेक्ट होंगे. कैमरों के माध्यम से घाटी में बादल आने या मौसम खराब का पता लगेगा. इस पर कंट्रोल रूम से हेली सेवा के पायलट और क्रू मेंबर को सूचना दी जाएगी.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement