Advertisement

धनतेरस पर क्यों खरीदे जाते हैं बर्तन? जानिए पौराणिक मान्यता और सदियों पुरानी परंपरा

धनतेरस के दिन नए बर्तन खरीदने की परंपरा है. लेकिन इसके पीछे क्या वजह है? क्यों इस दिन हम नए बर्तन जरूर खरीदते हैं? इसके पीछे पौराणिक कहानी के साथ फैमिली की समृद्धि का महत्व भी जुड़ा है.

Dhanteras 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:32 AM IST

दिवाली का त्योहार धनतेरस के दिन से ही शुरू हो जाा है. धनतेरस को महत्वपूर्ण माना जाता है. इस दिन सोना, चांदी, आभूषण और नए बर्तन खरीदने की परंपरा है. बाजारों में पीतल, तांबे और स्टील के बर्तनों की खूब खरीदारी होती है. लेकिन धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा क्यों शुरू हुई? इसके पीछे सिर्फ समृद्धि की कामना नहीं, बल्कि एक पौराणिक कथा और धार्मिक मान्यता भी है.

समुद्र मंथन से जुड़ी है कथा-
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस का संबंध समुद्र मंथन से है. कहा जाता है कि जब देवताओं और असुरों ने मिलकर समुद्र मंथन किया था, तब उसमें से भगवान धन्वंतरि अमृत से भरा कलश लेकर प्रकट हुए थे. भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद और आरोग्य का देवता माना जाता है. उनके हाथ में अमृत कलश था, जिसे जीवन, स्वास्थ्य और दीर्घायु का प्रतीक माना जाता है.

मान्यता है कि भगवान धन्वंतरि के हाथ में कलश था. इसी वजह से धनतेरस के दिन बर्तन खरीदने की परंपरा है. इसलिए धनतेरस पर नए बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है. लोग इसे घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली लाने का प्रतीक मानते हैं.

समृद्धि से जुड़ा है बर्तन का महत्व-
धनतेरस को धन और वैभव की देवी मां लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा की जाती है. इस दिन लोग सोना, चांदी, पीतल, तांबा या स्टील के बर्तन खरीदते हैं. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई नई वस्तुएं घर में बरकत और पॉजिटिविटी लेकर आती हैं.

पुराने समय में बर्तन घर की सबसे जरूरी चीजों में शामिल होते थे. परिवार की रसोई और भोजन व्यवस्था इन्हीं पर निर्भर करती थी. ऐसे में नए बर्तन खरीदना घर की खुशहाली, संपन्नता और जरूरतों की पूर्ति का प्रतीक बन गया.

क्यों खास हैं पीतल और तांबे के बर्तन?
भारतीय परंपरा में पीतल और तांबे के बर्तनों का विशेष स्थान रहा है. पूजा-पाठ से लेकर रसोई तक इन धातुओं का इस्तेमाल होता है. धार्मिक कार्यों में तांबे के लोटे और पीतल के कलश का इस्तेमाल शुभ होता है. इसी वजह से धनतेरस पर इन धातुओं के बर्तन खरीदने की परंपरा प्रचलित है. धनतेरस पर बर्तन खरीदने का मतलब केवल खरीदारी करना नहीं है, बल्कि यह जीवन में स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली की कामना से जुड़ी परंपरा है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement