ग्रेटर नोएडा के दादरी में चोरों ने एक बार फिर मंदिर को निशाना बनाया. बिसाहड़ा रोड स्थित दुर्गा मंदिर में देर रात चोरी की यह घटना न सिर्फ हैरान करने वाली है बल्कि स्थानीय लोगों को आक्रोशित भी कर रही है. चोर मंदिर से चांदी का भारी छत्र और सोने के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए.
पूरी प्लानिंग के साथ की गई चोरी
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों ने पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लिया. फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक चोर देर रात मंदिर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करता है और सीधे मूर्ति के पास जाकर माता की मूर्ति पर लगा चांदी का छत्र उतार लेता है. वह इसे अपने बैग में रखता है और कुछ अन्य आभूषणों को भी लेकर बाहर निकल जाता है. फुटेज देखकर पुलिस को यह अंदेशा है कि चोर इस इलाके और मंदिर के बारे में पूरी जानकारी रखते थे.
3 किलो से अधिक चांदी और सोने के जेवरात चोरी
जानकारी के अनुसार, चोरी किया गया चांदी का छत्र 3 किलो से ज्यादा वजनी बताया जा रहा है. इसके साथ ही देवी की मूर्ति पर लगी सोने की नथ भी गायब मिली. चोरी की गई यह सामग्री न सिर्फ मूल्यवान थी बल्कि मंदिर की धार्मिक पहचान का हिस्सा भी थी.
घटना का पता तब चला जब सुबह मंदिर के पुजारी ने पूजा के लिए मंदिर खोला. उन्होंने देखा कि माता के श्रृंगार का सामान बिखरा पड़ा है और चांदी का छत्र व सोने की नथ गायब हैं. इसके बाद तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए, जिनमें चोरी स्पष्ट रूप से दिखाई दी. पुजारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
दादरी पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में भी पूछताछ की गई. पुलिस ने बयान दिया कि 'सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.'
पुलिस स्थानीय मुखबिरों से भी जानकारी जुटा रही है और चोरी की रात के दौरान इलाके में संदिग्ध गतिविधि की जांच कर रही है.
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
दादरी क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की घटनाएं नई नहीं हैं. इससे पहले भी नकाबपोश चोरों ने एक अन्य मंदिर में चोरी की थी. उस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद बुलंदशहर पुलिस ने चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया था. लगातार होती इन घटनाओं से स्थानीय लोग काफी चिंतित हैं और मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.
(रिपोर्ट- अरुण त्यागी)
ये भी पढ़ें