Hindu New Year Rashifal: चैत्र शुक्ल प्रतिपदा तिथि से हर साल हिंदू नववर्ष की शुरुआत होती है. विक्रमादित्य ने इसका आरंभ किया था, इसलिए इसको विक्रम संवत भी कहते हैं. इसे नव संवत्सर भी कहा जाता है. हिंदू नववर्ष यानी विक्रम संवत 2083 का शुभारंभ 19 मार्च 2026 से हो गया है. ज्योतिष शास्त्र में इस नववर्ष को रौद्र संवत्सर के नाम से जाना जाएगा. इस नए साल के राजा बृहस्पति और मंत्री मंगल हैं. बृहस्पति के राजा होने से धर्म, शिक्षा और कानून के मामलों में तेजी से सुधार होगा लेकिन मंगल के मंत्री होने से जन साधारण को समस्या होगी. अग्निभय, युद्ध और दुर्घटनाओं की स्थिति रहेगी. मेघेश चंद्रमा है, ऐसे में वर्षा की स्थिति थोड़ी बेहतर रह सकती है. आइए जानते हैं यह नववर्ष किस राशि वालों के लिए कैसा रहेगा? किस पर पैसों की बारिश होगी और किसको आर्थिक तंगी परेशान करेगी?
1. मेष राशि (Aries): हिंदू नववर्ष 2026 मेष राशि वालों के लिए बहुत अच्छा नहीं रहेगा. इस साल आपको कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा. शनि देव आपकी राशि से 12वें भाव में हैं, इससे आपके ऊपर काम का बोझ रहेगा. मानसिक तनाव भी हो सकता है. इस साल के बीच में मंगल का गोचर भी मेष वालों के पक्ष में नहीं दिख रहा है. ऐसे में कार्यस्थल पर राजनीति या विवाद से दूर रहें. इस साल आप अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें. आपको इस साल किसी भी महत्वपूर्ण कार्य को करने से पहले एक योजना बनानी चाहिए, इससे आपको सफलता मिलेगी.
2. वृषभ राशि (Taurus): हिंदू नववर्ष 2026 वृषभ राशि वालों के लिए कुल मिलाकर अच्छा रहेगा. आपके ऊपर बृहस्पति देव की कृपा बनी रहेगी. इससे आपके हर अटके काम पूरे होंगे और धन लाभ के कई स्रोत बनेंगे. जून तक यह साल वृषभ राशि वालों के लिए काफी शानदार रहने वाला है. ऐसे में महत्वपूर्ण कार्य इस दौरान जरूर निपटा लें. जून से अक्टूबर के बीच का समय न बहुत अच्छा और न ही बहुत खराब रहेगा लेकिन अक्टूबर के बाद आपको कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. आप किसी भी कार्य को पूरी ईमानदारी से करें सफलता आपको जरूर मिलेगी.
3. मिथुन राशि (Gemini): हिंदू नववर्ष 2026 की शुरुआत मिथुन राशि वालों के लिए बहुत अच्छा नहीं रहने वाला है. जून तक आपको कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है लेकिन इसके बाद का समय आपके लिए अच्छा रहेगा. जून से अक्टूबर तक का समय आपके लिए बहुत ही अच्छा रहेगा. इस दौरान आपको कई स्रोतों से धन की प्राप्ति होगी. हर तरफ से कामयाबी मिलेगी. नौकरी में तरक्की और बिजनेस में सफलता मिलेगी. अक्टूबर के बाद समय आपके लिए सामान्य हो जाएगा. ऐसे में आप जून से अक्टूबर के बीच हर मौके का लाभ जरूर उठाएं.
4. कर्क राशि (Cancer): हिंदू नववर्ष 2026 कर्क राशि वालों के लिए मिला-जुला रहने वाला है. राहु और बृहस्पति की स्थिति के चलते आपके स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव आ सकता है. बृहस्पति जून से अपनी उच्च राशि में आएंगे, इससे आपको तरक्की के नए मौके मिल सकते हैं. इस साल आप कोई भी फैसला जल्दबाजी में न लें. यदि आप ऐसा करेंगे तो आपको परेशानी हो सकती है.
5. सिंह राशि (Leo): यह नया साल सिंह राशि वालों के लिए मिला-जुला रहेगा. इस साल आपको हर कार्य को पूरी सावधानी से करना होगा. शनि, राहु और केतु की स्थिति आपको परेशान कर सकती है. जून तक का समय पैसों के मामले में सिंह राशि वालों के लिए अच्छा रहेगा. हालांकि आपको धन कमाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी. इस साल कहीं भी पैसा निवेश करने से पहले घर के बड़े-बुजुर्गों से जरूर बात करें. आपने जीवनसाथी या पार्टनर का विशेष ख्याल रखें.
6. कन्या राशि (Virgo): हिंदू नववर्ष 2026 के शुरुआती तीन महीने कन्या राशि वालों के लिए उतने अच्छे नहीं हैं. इस दौरान आपको काम को पूरा करने में परेशानी हो सकती है. घर में कोई समस्या आ सकती है. जून से अक्टूबर तक का समय करियर और पैसों के लिए बहुत ही अच्छा रहेगा. आपको नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है. इस साल आपको बेवजह की यात्राएं करनी पड़ सकती है. इससे खर्च बढ़ सकता है. आपका बजट बिगड़ सकता है. इस साल कन्या राशि वाले अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें.
7. तुला राशि (Libra): हिंदू नववर्ष 2026 का मई तक का समय तुला राशि वालों के लिए शानदार रहने वाला है. इस दौरान आप अपने महत्वपूर्ण कार्य निपटा सकते हैं. यदि घर में कोई शुभ काम करना है या बच्चों की पढ़ाई को लेकर कोई फैसला लेना है तो मई-जून का समय अच्छा है. भाग्य के साथ देने कारण आपके हर काम आसानी से बनेंगे. जून के बाद आपके सामने कुछ परेशानियां आ सकती हैं. खासकर ऑफिस या बिजनेस में चुनौतियां आ सकती हैं. कहीं भी पैसा निवेश करने से पहले उसके बारे में अच्छी तरह समझ लें. ऐसा करने पर नुकसान नहीं होगा.
8. वृश्चिक राशि (Scorpio): हिंदू नववर्ष 2026 वृश्चिक राशि वालों के लिए अच्छा रहने वाला है. जून से अक्टूबर तक आपका भग्या पूरा साथ देगा. इससे हर कार्य में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. यदि आपने किसी काम को पूरा करने का फैसला किया है तो यह समय आपके लिए बहुत ही अच्छा है. इस साल आप अपनी कड़ी मेहनत से हर बाधा को पार कर लेंगे. इस साल निवेश के मामले में जल्दबाजी न करें.
9. धनु राशि (Sagittarius): हिंदू नववर्ष 2026 धनु राशि वालों को लिए मिश्रित फलदाई रहेगा. यानी यह साल कभी खुशी तो कभी गम वाला रहेगा. शनि की ढैय्या की वजह से घर-परिवार में तनाव और अशांति रह सकती है. जून तक के समय आपके लिए अच्छा रहेगा. ऐसे में इस समय का सही इस्तेमाल करें. जून के बाद बृहस्पति और शनि का प्रभाव आपके कामों में देरी करा सकता है. इस साल अपने ऊपर काम का बोझ अधिक न लें. ऐसा करने पर आप मानसिक रूप से थक सकते हैं. छोटे-छोटे लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें, इससे सफलता मिलने की संभावना ज्यादा रहेगी. किस्मत की जगह अपनी मेहनत पर यकीन करें.
10. मकर राशि (Capricorn): हिंदू नववर्ष 2026 मकर राशि वालों के लिए बहुत अच्छा नहीं रहेगा. ऐसे में आप हर कार्य को पूरी सावधानी से करें. इस साल बच्चों की सेहत या उनके भविष्य को लेकर चिंता हो सकती है. आपको अपनी सेहत का भी विशेष ख्याल रखना होगा. जून के बाद हालात थोड़े सुधरेंगे और आपको राहत मिलेगी. अक्टूबर के बाद फिर से आपको कई चुनौतियों को पार करना होगा. घर के विवाद और पुरानी बीमारियां आपको परेशान कर सकती हैं. इस साल कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले घर के बड़े-बुजुर्गों की सलाह जरूर लें.
11. कुंभ राशि (Aquarius): हिंदू नववर्ष 2026 कुंभ राशि वालों के लिए मिश्रित फलदाई रहेगा. इस साल के शुरुआती तीन महीने अच्छे रहेंगे. उसके बाद आपको बिजनेस हो नौकरी सभी में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है. शनि की साढ़ेसाती पहले से चल रही है और जून से बृहस्पति की स्थिति भी चुनौतियां बढ़ाएगी. जीवनसाथी के साथ अनबन हो सकता है. इस साल बिजनेस में कोई बड़ा रिस्क न लें. सेहत का ख्याल रखें. पैसों को सोच-समझकर खर्च करें.
12. मीन राशि (Pisces): हिंदू नववर्ष 2026 के शुरुआती चार महीने मीन राशि वालों के लिए थोड़े मुश्किल रहेंगे क्योंकि शनि की साढ़ेसाती का असर इस दौरान ज्यादा रहेगा. घर में अनबन और कामों में नाकामी मिलने के चलते आपको तनाव रह सकता है. जून से अक्टूबर का समय अच्छा रहेगा. इस दौरान आपको खुशखबरी मिलेगी. आपका मान-सम्मान बढ़ेगा और सेहत में भी सुधार होगा.