अगर सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग के दर्शन की इच्छा है, तो यह मौका आपके लिए खास हो सकता है. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) श्रद्धालुओं के लिए 'दिव्य दक्षिण दर्शन' नाम से 6 रात और 7 दिन का विशेष हवाई टूर पैकेज लेकर आया है. इस यात्रा में रामेश्वरम के साथ मदुरै, कन्याकुमारी और तिरुवनंतपुरम के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा.
सावन में होगी विशेष धार्मिक यात्रा
IRCTC का यह हवाई टूर 11 अगस्त 2026 से 17 अगस्त 2026 तक संचालित होगा. खास बात यह है कि यात्रा सावन महीने में आयोजित की जा रही है, जिससे शिव भक्तों को भगवान शिव के पवित्र रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग में दर्शन और पूजा करने का अवसर मिलेगा. IRCTC के अनुसार सावन में शिव आराधना का विशेष महत्व होने के कारण यह पैकेज श्रद्धा और पर्यटन का बेहतरीन संगम साबित होगा.
इन प्रमुख स्थलों का मिलेगा दर्शन
श्री रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग मंदिर
मीनाक्षी अम्मन मंदिर, मदुरै
थिरुमलाई नायक महल
पझमुदिरचोलै मंदिर
धनुषकोडी
डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम स्मारक
कन्याकुमारी का सनसेट पॉइंट
विवेकानंद रॉक मेमोरियल
तिरुवल्लुवर प्रतिमा
कुमारी अम्मन मंदिर
महात्मा गांधी स्मारक
सुचिन्द्रम मंदिर
पद्मनाभस्वामी मंदिर
वैक्स संग्रहालय
फ्लाइट, होटल और भोजन की सुविधा
यात्रियों को लखनऊ से मदुरै और तिरुवनंतपुरम से लखनऊ तक आने-जाने की सुविधा हवाई यात्रा के जरिए मिलेगी. पूरी यात्रा के दौरान ठहरने की व्यवस्था तीन सितारा होटल में रहेगी. इसके अलावा भोजन और स्थानीय परिवहन की सुविधा भी पैकेज में शामिल होगी, जिससे यात्रियों को अलग से व्यवस्था करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
जानिए कितना होगा पैकेज का किराया
सिंगल ऑक्यूपेंसी: 86,750 प्रति व्यक्ति
डबल शेयरिंग: 64,900 प्रति व्यक्ति
ट्रिपल शेयरिंग: 61,600 प्रति व्यक्ति
बच्चा (बेड सहित): 50,300
बच्चा (बिना बेड): 45,600
जानिए कैसे कर सकते हैं बुकिंग
IRCTC के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के अनुसार इस टूर पैकेज की बुकिंग 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर की जाएगी. इच्छुक यात्री लखनऊ के गोमती नगर स्थित IRCTC पर्यटन भवन कार्यालय में जाकर बुकिंग करा सकते हैं. इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग भी उपलब्ध है. यात्री IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस पैकेज की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपनी सीट आरक्षित कर सकते हैं.