Advertisement

Worship of God: हर किसी के होते हैं इष्टदेव-देवी, जानें किस समस्या के समाधान के लिए किस देवी-देवता की करें उपासना

ऐसी मान्यता है कि इस दुनिया में हर व्यक्ति के कोई न कोई इष्टदेव या देवी होती हैं. ईष्टदेव या देवी का निर्धारण जन्म जन्मान्तर के संस्कारों से होता है.आइए जानते हैं किस समस्या से मुक्ति पाने के लिए किस देवी-देवता की उपासना करनी चाहिए.

Lord Ganesha and Maa Lakshmi
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 04 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 5:15 PM IST

ऐसी मान्यता है कि इस दुनिया में हर व्यक्ति के कोई न कोई इष्टदेव या देवी होती हैं. इष्टदेव या देवी की उपासना करने से व्यक्ति को जीवन में खुशहाली आती है. इनका निर्धारण लोग कुंडली के आधार पर करते हैं. वास्तव में ग्रहों का और ज्योतिष का ईष्टदेव से सम्बन्ध नहीं होता है, बल्कि ईष्टदेव या देवी का निर्धारण आपके जन्म जन्मान्तर के संस्कारों से होता है. बिना किसी कारण के ईश्वर के जिस स्वरूप की तरफ आपका आकर्षण हो, वही आपके ईष्ट देव हैं.

ग्रह कभी भी ईश्वर का निर्धारण नहीं करते हैं. हालांकि, ग्रहों की समस्या को दूर करने के लिए विशेष देवी-देवताओं की उपासना की जा सकती है. आइए जानते हैं किस समस्या से मुक्ति पाने के लिए किस देवी-देवता की उपासना करनी चाहिए. मुक्ति मोक्ष या आध्यात्मिक उपलब्धि के लिए भगवान कृष्ण या भगवान शिव की उपासना करें. 

1. मान-सम्मान के लिए किस देवता की करें पूजा 
मान-सम्मान के लिए सूर्य देवता की उपासना सर्वोत्तम होती है. नित्य प्रातः ताम्बे के लोटे से सूर्य देवता को जल अर्पित करें. जल में रोली मिला लें. जल अर्पित करने के बाद लोटे के किनारों पर लगी हुई रोली का तिलक लगाएं. इससे आपको अपार मान-सम्मान की प्राप्ति होगी. 

2. विवाह के लिए किस देवी-देवता की करें पूजा 
विवाह के लिए मां दुर्गा की उपासना सर्वोत्तम होती है. नित्य प्रातः पहले मां दुर्गा के समक्ष घी का दीपक जलाएं. इसके बाद देवी को पुरुष लाल फूल अर्पित करें और स्त्रियां सिन्दूर चढ़ाएं. फिर देवी के मूल मंत्र ॐ दुं दुर्गाय नमः का जाप करें. आपका विवाह शीघ्र हो जाएगा. 

3. नौकरी के लिए किस देवी-देवता की पूजा करें 
नौकरी के लिए भगवान शनि की पूजा करें. शनिवार का उपवास रखें. सूर्योदय के पूर्व पीपल की जड़ में जल डालें. सायं पीपल के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं. इसके बाद वहीं शनि मंत्र का जाप करें. रात में उड़द की दाल की खिचड़ी खाएं और खिलाएं. 

4. व्यवसाय के लिए किस देवी-देवता की उपासना करें
व्यवसाय के लिए मां लक्ष्मी की पूजा करें. कारोबार के स्थान पर गुलाबी पुष्प पर बैठी हुई मां लक्ष्मी की स्थापना करें. काम शुरू करने के पहले मां को रुई में लगाकर गुलाब का इत्र अर्पित करें. फिर वही इत्र स्वयं लगा लें. आपको व्यवसाय में अवश्य सफलता मिलेगी. 

5. आयु की रक्षा के लिए किस देवी-देवता की उपासना करें 
आयु की रक्षा के लिए शिव जी की उपासना करना उत्तम होता है.नित्य प्रातः शिव जी को पंचामृत अर्पित करें. इसके बाद उन्हें जल चढ़ाएं. फिर ॐ जूं सः माम पालय पालय का 108 बार जाप करें. यह प्रयोग करने वालों की आयु और स्वास्थ्य की रक्षा होती है. 

6. मुकदमे और कर्जे से मुक्ति के लिए किस देवी-देवता की उपासना करें 
मुकदमे और कर्जे से मुक्ति के लिए हनुमान जी की उपासना करें. नित्य प्रातः हनुमान जी को सिन्दूर अर्पित करें. स्त्रियां लाल फूल चढ़ाएं. उनके सामने घी का नौ मुखी दीपक जलाएं. इसके बाद हनुमान जी को गुड़ का भोग लगाएं. फिर ॐ नमो भगवते आंजनेयाय महाबलाय स्वाहा का 108 बार जाप करें. आपको कर्ज और मुकदमे से मुक्ति मिलेगी. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement