Advertisement

Janmashtami Bhog Recipe 2026: जन्माष्टमी पर कान्हा को लगाएं उनका सबसे प्रिय भोग, जानें बनाने की आसान विधि

जन्माष्टमी के पावन पर्व पर लड्डू गोपाल को प्रसन्न करने के लिए दूध-दही से बना क्रीमी श्रीखंड सबसे उत्तम भोग माना जाता है. ताजे चक्का जैसे दही, पिसी चीनी, इलायची, केसर और मेवों से इसे आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है.

Srikhand Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 1:37 PM IST

जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व है, जिसे हर साल भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. इस दिन भक्त कान्हा के जन्म का उत्सव मनाने के साथ उन्हें उनकी पसंद के भोग भी अर्पित करते हैं. नारद पुराण में जन्माष्टमी व्रत की महिमा का वर्णन मिलता है. मान्यता है कि जन्माष्टमी का व्रत करने से भक्त को कई एकादशियों के व्रत के समान पुण्य फल प्राप्त होता है. यही वजह है कि इस दिन पूजा-पाठ के साथ भोग की तैयारियां भी खास तरीके से की जाती हैं. माना जाता है कि श्रद्धा से तैयार किया गया प्रिय भोग भगवान कृष्ण को अर्पित करने से घर में सुख-समृद्धि, सौभाग्य और सकारात्मकता बनी रहती है.

अगर आप भी इस जन्माष्टमी लड्डू गोपाल के लिए कुछ खास बनाने की सोच रहे हैं, तो उनके प्रिय माने जाने वाले इस भोग को आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं. वह डिश है श्रीखंड. भगवान श्रीकृष्ण को दूध और दही से बना आइटम बहुत प्रिय है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि और जन्माष्टमी की पूजा में इसे अर्पित करने का तरीका. 

श्रीखंड बनाने के लिए आपको चाहिए-
गाढ़ा दही - 500 ग्राम
पिसी हुई चीनी - 100 से 120 ग्राम
इलायची पाउडर - आध छोटा चम्मच
केसर - 8 से 10 धागे
गुनगुना दूध - 1 छोटा चम्मच
कटे हुए पिस्ता और बादाम - 2 बड़े चम्मच

दही का पानी निचोड़ लें-
एक साफ सूती का कपड़ा लें और उसमें गाढ़ा दही डालकर उसे अच्छी तरह बांध दें. इसे 5 से 6 घंटे या रातभर के लिए लटका दें, ताकि दही का अतिरिक्त पानी निकल जाए और गाढ़ा चक्का तैयार हो जाए. याद रखें कि दही खट्टा नहीं होना चाहिए.

अब दही में मिलाएं चीनी
गाढ़े दही को एक बर्तन में निकालकर अच्छी तरह फेंट लें. इसमें पिसी हुई चीनी डालें और तब तक मिलाएं, जब तक चीनी पूरी तरह घुलकर मिश्रण में एकदम मुलायम न हो जाए.

केसर और इलायची से बढ़ाएं स्वाद
केसर को एक चम्मच गुनगुने दूध में कुछ मिनट भिगो दें. अब उस दही में केसर वाला दूध और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें.

मेवे डालकर करें तैयार
श्रीखंड में बारीक कटे पिस्ता और बादाम डालें. थोड़ा मेवा ऊपर से सजाने के लिए बचाकर रखें.

ठंडा करके लगाएं कान्हा को भोग
तैयार श्रीखंड को कुछ समय के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि यह अच्छी तरह ठंडा हो जाए. जन्माष्टमी की पूजा के बाद इसे भगवान श्रीकृष्ण को भोग के रूप में अर्पित करें और फिर प्रसाद के रूप में सभी को बांटें. याद रखें कि श्रीखंड का स्वाद और बनावट अच्छी रखने के लिए दही जितना गाढ़ा होगा, श्रीखंड उतना ही क्रीमी और स्वादिष्ट बनेगा.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement