Advertisement

झांसी में नवरात्रि का जश्न शुरू, गरबा-डांडिया की धुन पर झूमीं महिलाएं, हजारों लोगों की मौजूदगी ने बढ़ाई रौनक

शारदीय नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही वीरांगना नगरी झांसी में भक्ति और उत्साह का रंग चढ़ने लगा है. मां दुर्गा की आराधना के बीच शहर में गरबा और डांडिया की धूम भी शुरू हो गई है.

झाँसी में डांडिया की धूम
अजय झा
  • झांसी ,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:12 AM IST

शारदीय नवरात्रि शुरू होते ही झांसी में भक्ति और उत्साह का माहौल बनने लगा है. मंदिरों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना हो रही है, तो दूसरी ओर गरबा और डांडिया की रौनक भी देखने को मिल रही है. इसी कड़ी में नवरात्रि के दूसरे दिन झांसी के एक स्थानीय होटल में एएस इवेंट के तहत सीजन का पहला गरबा-डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया. रंग-बिरंगी रोशनी, पारंपरिक कपड़ों और माता रानी के भजनों के बीच करीब एक हजार महिला-पुरुषों ने जमकर गरबा और डांडिया खेला. पूरे कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला.

बच्चियों की आरती से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत छोटी-छोटी बच्चियों की आरती के साथ हुई. इसके बाद माता रानी के जयकारे और भजन गूंजने लगे. भक्ति गीतों की धुन पर लोगों ने गरबा किया और डांडिया खेलकर नवरात्रि का उत्सव मनाया. कार्यक्रम में महिलाओं ने सुंदर पारंपरिक परिधान पहनकर भारतीय संस्कृति की खूबसूरती दिखाई. हर तरफ उत्साह और खुशी का माहौल नजर आया. लोगों ने एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं और देर तक नृत्य का आनंद लिया.

संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने पर जोर
आयोजक माला मेहरोत्रा ने बताया कि नवरात्रि के इस कार्यक्रम में झांसी की महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि गरबा-डांडिया जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं. पारंपरिक कपड़े पहनकर नृत्य करना केवल मनोरंजन नहीं है, बल्कि इससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने का मौका भी मिलता है. उन्होंने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं. वहीं, डॉ. संगीता राय ने कहा कि माता रानी के भजनों पर नृत्य करने और जयकारे लगाने से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया. उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं को बढ़ावा मिलता है. साथ ही महिलाओं को आपस में मिलने और खुशियां बांटने का अवसर भी मिलता है.

महिलाओं में दिखा खास उत्साह
कमलेश राय ने कहा कि गरबा-डांडिया जैसे आयोजन महिलाओं को एक साथ आने और त्योहार मनाने का मौका देते हैं. इससे आपसी मेलजोल बढ़ता है और एकता मजबूत होती है. उन्होंने महिलाओं से ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. झांसी में सीजन के पहले गरबा-डांडिया कार्यक्रम ने नवरात्रि की रौनक बढ़ा दी है. करीब एक हजार लोगों की भागीदारी वाले इस आयोजन में श्रद्धा, संस्कृति और उत्सव की झलक देखने को मिली. आने वाले दिनों में भी शहर में गरबा और डांडिया की धूम रहने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement