Advertisement

Kainchi Dham Foundation Day: रोशनी से जगमगा उठा बाबा नीम करौली का कैंची धाम, 9 चूल्हों पर बन रहा महाप्रसाद, भक्तों का उमड़ा रहा सैलाब

वह कैंची धाम जहां की मान्यता है कि लोगों की हर मनोकामना पूरी होती है, वहां भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा है. कल यानी 15 जून को कैंची में स्थापना दिवस मनाया जाएगा लेकिन अभी से लोग काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं.

Kainchi Dham Foundation Day 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:28 PM IST

विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम में आस्था अपने चरम पर है. कल यानी 15 जून को बाबा के स्थापना दिवस का भव्य आयोजन होना है, लेकिन उससे पहले ही कैंची धाम श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया है. पूरा आश्रम रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा है, नौ चूल्हों पर महाप्रसाद तैयार हो रहा है और बाबा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.

रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया आश्रम परिसर
उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में स्थित बाबा नीम करौली महाराज का विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर दिव्य और भव्य स्वरूप में नजर आ रहा है. आश्रम परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है. जैसे ही शाम ढलती है, पूरा कैंची धाम रोशनी की चादर में लिपटा दिखाई देता है. श्रद्धालुओं के लिए यह दृश्य किसी आध्यात्मिक उत्सव से कम नहीं है.

नौ चूल्हों पर बन रहा महाप्रसाद
स्थापना दिवस के अवसर पर बाबा के महाप्रसाद की तैयारियां भी पूरे जोर-शोर से चल रही हैं. आश्रम में नौ बड़े चूल्हों पर प्रसाद तैयार किया जा रहा है. मथुरा और वृंदावन से पहुंचे 45 अनुभवी कारीगरों का दल श्रद्धालुओं के लिए विशेष मालपुए का प्रसाद बनाने में जुटा हुआ है. विशाल कड़ाहों में तैयार हो रहा यह प्रसाद कल लाखों श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा.

देश-विदेश से पहुंच रहे श्रद्धालु
उधर, बाबा के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं का सैलाब लगातार कैंची धाम पहुंच रहा है. आश्रम परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र भक्तों की भीड़ से गुलजार है. "बाबा नीम करौली महाराज की जय" के जयकारों से पूरा धाम गूंज रहा है और हर श्रद्धालु बाबा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त करने को उत्सुक दिखाई दे रहा है.

अखंड रामायण पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल
कैंची धाम में अखंड रामायण पाठ भी अनवरत जारी है. भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर यह वातावरण स्थापना दिवस के महत्व को और भी विशेष बना रहा है. माना जा रहा है कि इस बार स्थापना दिवस पर रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं.


(रिपोर्ट- लीला  सिंह)

ये भी पढ़ें

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement