Advertisement

Kawad Yatra 2023: ड्रोन कैमरे का पहरा, CCTV से निगरानी, इमरजेंसी के लिए ग्रीन कॉरिडोर... तेज हुई कावड़ यात्रा की तैयारी

Kawad Yatra 2023: कावड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए गाजियाबाद पुलिस अलग से एक सोशल मीडिया टीम भी तैयार कर रही हैं. इस टीम का काम होगा कि वह सोशल मीडिया पर ऐसे किसी भी मैसेज पर नजर रखें जो कावड़ यात्रा से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह को फैलाने का काम कर रही हो.

कावड़ यात्रा
मनीष चौरसिया
  • नई दिल्ली,
  • 03 जुलाई 2023,
  • अपडेटेड 5:26 PM IST
  • CCTV से रखेंगे पूरे कांवड मार्ग पर नजर
  • तेज हुई कावड़ यात्रा की तैयारी

कावड़ यात्रा के शुरू होने में अब कुछ ही वक्त बाकी रह गया है. ऐसे में प्रशासन ने कावड़ यात्रा की तैयारियों को पूरा करने में अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है. गाजियाबाद पुलिस प्रशासन के तमाम अधिकारी पूरे कावड़ मार्ग का निरीक्षण करने में लगे हुए हैं. कावड़ मार्ग से गुजरते वक्त भोले के भक्तों को किसी तरह की कोई समस्या न झेलनी पड़े इसके लिए प्रशासन कई सारी तैयारियां कर रहा है. गाजियाबाद पुलिस ने कावड़ यात्रा के लिए रूट डायवर्जन प्लान भी बना लिया है, जिसे जल्द ही लागू भी कर दिया जाएगा.

गाजियाबाद के मेरठ तिराहे पर कावड़ यात्रा के लिए कंट्रोल रूम भी तैयार किया जा रहा है. गाजियाबाद से दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा के लाखों कावड़िए गुजरेंगे. गाजियाबाद में कावड़ के दो मार्ग हैं. एक मार्ग 25 किमी लंबा मुरादनगर से टीला मोड़ पाइपलाइन रोड तक और दूसरा 42.5 किमी लंबा कादराबाद बार्डर से गाजियाबाद-दिल्ली बार्डर तक है.

CCTV  से रखेंगे पूरे कांवड मार्ग पर नजर

गाजियाबाद पुलिस के डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल बताते हैं कि पूरे कावड़ मार्ग का निरीक्षण किया जा रहा है. कावड़ मार्ग में ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित किए जा रहे हैं, पूरे रास्ते में अगर कहीं गड्ढे हैं तो उनको भरवाने का काम किया जा रहा है. सड़क को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि कावड़ ियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े. पूरे मार्ग पर 180 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं जिनसे हर वक्त पूरे मार्ग पर नजर रखी जाएगी. कावड़ मार्ग को सुरक्षित बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरा का भी इस्तेमाल किया जाएगा.

इमरजेंसी के लिए बनाया जाएगा ग्रीन कॉरीडोर

गाजियाबाद पुलिस के डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल कहा, "वैसे तो कावड़ मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है. फिर भी किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए भी हमने तमाम तरह के तैयारियां की है. फायर विभाग और हेल्थ विभाग के साथ भी बैठक कर सभी तैयारियों का जायजा लिया गया है. पूरे कावड़  मार्ग में अगर कहीं भी कोई इमरजेंसी हालात होते हैं तो एंबुलेंस या फायर की गाड़ी को पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किया जा रहा है."

अफवाह फैलाने वालों पर नजर

कावड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए गाजियाबाद पुलिस अलग से एक सोशल मीडिया टीम भी तैयार कर रही हैं. इस टीम का काम होगा कि वह सोशल मीडिया पर ऐसे किसी भी मैसेज पर नजर रखें जो कावड़ यात्रा से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह को फैलाने का काम करता हो. सोशल मीडिया के जरिए ना सिर्फ अनहोनी को रोकने का काम गाजियाबाद पुलिस करेगी बल्कि जिस अकाउंट से अफवाह फैलाई जा रही है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement