उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का उत्साह तेजी से बढ़ रहा है. 22 अप्रैल से शुरू होने वाली केदारनाथ धाम यात्रा के लिए इस बार सबसे अधिक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं. अप्रैल में दर्शन करने के लिए 80 हजार और मई के लिए 2 लाख से अधिक श्रद्धालु पहले ही रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, जिसके लिए हेलिकॉप्टर सेवा को लेकर अधिकारिक दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं.
इस बार 8 हेली सेवाओं को मंजूरी
केदारनाथ धाम तक पहुंचने के लिए इस वर्ष कुल 8 हेली सेवाओं को अनुमति दी गई है. गुप्तकाशी से 2 सेवाएं उड़ान भरेंगी. फाटा से 4 सेवाएं और सिरसी से 2 सेवाएं मुहैया कराए जाएंगे.
इन सेवाओं की बुकिंग प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है.
बुकिंग शुरू होने के बाद यात्री केवल IRCTC के आधिकारिक हेली यात्रा पोर्टल (heliyatra.irctc.co.in) से ही टिकट बुक कर सकेंगे. प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अन्य वेबसाइटों से टिकट न बुक करें, वरना ठगी का खतरा है.
हेली टिकट का किराया तय
प्रशासन ने हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने की जानकारी देते हुए, इस वर्ष हेली सेवा के किराये भी निर्धारित कर दिए गए हैं.
गुप्तकाशी से केदारनाथ - 12,154 रुपए प्रति व्यक्ति
फाटा से केदारनाथ - 9,680 रुपए प्रति व्यक्ति
सिरसी से केदारनाथ- 6,086 रुपए प्रति व्यक्ति
यात्रा मार्ग तैयार करने में जुटा प्रशासन
यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और बद्री-केदार मंदिर समिति इस समय मार्ग बनाने की तैयारी में जुटे हैं.
पैदल यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने और रास्तों को साफ करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. स्थानीय व्यवसायियों को उम्मीद है कि इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने से रोजगार और आय के अवसर बढ़ेंगे.
(रिपोर्ट-प्रवीण सेमवाल)
ये भी पढ़ें