रामनवमी हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है. इसे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के तौर पर मनाया जाता है. इस मौके पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए. मंदिरों में महाआरती की गई. रामनवमी के पावन पर्व पर नागपुर जिले के सावनेर तहसील में आयोजित महाआरती का भव्य आयोजन ग्लोबल लेबल पर चमक उठा. नगर परिषद मैदान में रात 8 बजे हजारों दीपों की रोशनी में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में 4911 लोगों ने एक साथ महाआरती कर यह विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज महाआरती-
यह महाआरती आधिकारिक तौर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज की गई. नागपुर जिले के सावनेर में इस कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय विधायक डॉ. आशीष देशमुख द्वारा किया गया था. विश्व शांति का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम ने केवल रिकॉर्ड ही नहीं बनाया, बल्कि सामाजिक एकता और आध्यात्मिक शक्ति का प्रभावी प्रदर्शन भी किया. इस महाआरती में 4911 लोगों ने हिस्सा लिया.
महाआरती प्रेरणादायक है- सीएम फडणवीस
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों की कर्जमाफी पर विशेष टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि जब विश्व में युद्ध और अस्थिरता का वातावरण है, ऐसे समय में सावनेर में हजारों नागरिकों द्वारा एकत्र होकर शांति के लिए प्रार्थना करना अत्यंत प्रेरणादायक है. प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से विश्व में शांति और सौहार्द अवश्य स्थापित होगा.
इससे पहले यूपी में किया गया था आयोजन-
इससे पहले अयोध्या में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे कार्यक्रम का आयोजन किया था. जिसके बाद अब सावनेर में महाआरती का यह नया इतिहास रचते हुए रिकॉर्ड बनाया गया है.
विधायक देशमुख ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विश्व रिकॉर्ड के लिए नहीं था, बल्कि अंधकार से प्रकाश की ओर और संघर्ष से शांति की ओर बढ़ने का सामूहिक संकल्प था.
अयोध्या में रामलला का सूर्य तिलक-
अयोध्या में भव्य तरीके से रामनवमी मनाई गई. इस मौके पर रामलला का सूर्य तिलक हुआ. दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में रामलला का सूर्य तिलक किया गया. इसके साथ ही रामलला का जन्म हो गया. इस दौरान गर्भगृह में 14 पुजारी मौजूद रहे. इसके बाद आरती हुई.
(योगेश पांडे की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: