सावन यात्रा के दौरान सहारनपुर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है. मूसलाधार बारिश भी पुलिस की मुस्तैदी को कम नहीं कर सकी. कांवड़ मार्गों पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हाथ में इंची टेप लेकर डीजे वाहनों की ऊंचाई और चौड़ाई मापते नजर आए. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि तय मानकों से बड़े डीजे या कांवड़ वाहनों को किसी भी हाल में आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
टेप से मापी जा रही हर गाड़ी
कांवड़ यात्रा के लिए जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है. हर डीजे वाहन की मौके पर माप-जोख की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वह निर्धारित मानकों के अनुरूप है. जिन वाहनों की ऊंचाई या चौड़ाई तय सीमा से अधिक मिल रही है, उन्हें तुरंत रोककर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है और इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
देर रात तक चलता रहा चेकिंग अभियान
सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में देर रात तेज बारिश के बीच सीओ सदर विकास प्रताप सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ लगातार कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते रहे. इस दौरान यात्रा में शामिल डीजे वाहनों की सघन जांच की गई. प्रशासन ने डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट और चौड़ाई 10 फीट तय की है. जिन वाहनों की ऊंचाई इससे अधिक मिली, उन्हें मौके पर ही रुकवाकर मानकों के अनुरूप कराया गया.
दुर्घटनामुक्त यात्रा पर प्रशासन का फोकस
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनारहित बनाना है. धूप हो या बारिश, पुलिस की टीमें 24 घंटे कांवड़ मार्गों पर तैनात हैं और लगातार निगरानी कर रही हैं. स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी बारिश के बीच पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की है.
ये भी पढ़ें: