Advertisement

Ram Mandir Pran Pratishtha: तुलसी दल... मेवे के लड्डू... रामदाने की चिक्की... रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अतिथियों को मिलेगा ये खास प्रसाद

Ram Mandir Prasad: राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले अतिथियों को देने के लिए 15 हजार प्रसाद के पैकेट तैयार करवाए हैं. प्रसाद को बनाने में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा गया है.

Ram Mandir Prasad
शिल्पी सेन
  • लखनऊ,
  • 21 जनवरी 2024,
  • अपडेटेड 8:02 PM IST
  • अतिथियों को मिलेगा विशेष डिब्बे में प्रसाद 
  • रोली, अक्षत और कलावा भी दिया जाएगा

रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उत्साह है. हर तरफ भगवान राम के भजन सुनाई दे रहे हैं. अयोध्या की हर गली आध्यात्मिक अनुभूति का अनूठा अहसास कर रही है. 22 जनवरी 2024 को होने वाले कार्यक्रम को लेकर भव्य तैयारियां की गई हैं. इसी कड़ी में हम बात कर रहे हैं प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित अतिथियों को मिलने वाले खास 'प्रसादम' की. मंदिर ट्रस्ट ने अतिथियों को देने के लिए 15 हजार प्रसाद के पैकेट तैयार करवाए हैं. आइए जानते हैं इसमें क्या खास है?

क्या-क्या है प्रसाद में
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले अतिथियों को मिलने वाला प्रसाद खास है. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अतिथियों को देने के लिए 15 हजार प्रसाद के पैकेट तैयार करवाए हैं. प्रसाद के पैकेट में मेवे के लड्डू, गुड़ रेवड़ी, रामदाने की चिक्की रखी गई है. इसके साथ ही अक्षत और रोली भी प्रसाद स्वरूप दिया जाएगा. रोली-अक्षत की विशेष पैकिंग की गई है. प्रसाद के पैकेट में विशेष रूप से भगवान विष्णु को प्रिय तुलसी दल को रखा गया है.

विशेष रूप से की गई है पैकिंग
प्रसाद की पैकिंग इस तरह से की गई है कि समारोह की भव्यता उसमें झलकेगी. श्रीराम ट्रस्ट ने 15 हजार ऐसे प्रसादम के डिब्बे तैयार करने का ऑर्डर दिया था. केसरिया रंग के डिब्बे में कई चीजें दी गई हैं. प्रसाद में इलायची दाना भी दिया गया है. वर्तमान में रामलला को अस्थाई मंदिर में आने वाले भक्तों को इलायची दाना प्रसाद के रूप में दिया जाता है. इसलिए उसे भी प्रसाद में शामिल किया गया है. 

लिखी हुई है चौपाई
इसके अलावा रक्षा सूत्र (कलावा) भी इस प्रसाद के पैकेट में है. राम दीया भी प्रसाद के रूप में है. इसका रामभक्त राम ज्योति जलाने में प्रयोग कर सकते हैं. प्रसाद के डिब्बे पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के लोगो के अलावा महाबली हनुमान के धाम हनुमान गढ़ी का लोगो भी होगा. इसमें चौपाई लिखी है- 'राम नाम रति, राम गति, राम नाम बिस्वास! सुमिरत सुभ मंगल कुसल, दुहूँ दिसि तुलसीदास!!'

पूरी शुद्धता से किया गया है तैयार
प्रसादम में राम जन्मभूमि में रामलला की नूतन प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव लिखा हुआ है. इसके साथ ही प्रसादम अयोध्या धाम लिखा है. वैसे तो देश भर से लड्डू और अलग-अलग सामना प्रसाद रूप में अयोध्या पहुंच रहे हैं. लेकिन यही वो प्रसाद है जिसका ऑर्डर श्रीराम ट्रस्ट ने आमंत्रित अतिथियों के लिए दिया था. लखनऊ के छप्पन भोग ने इसे तैयार किया है. ट्रस्ट के कहने पर इन डिब्बों को तैयार किया गया है. छप्पन भोग ने ऑर्डर मिलने के बाद इसे अपनी तरफ से समर्पित किया है. 15 हजार डिब्बे दो खेप में अयोध्या के कारसेवकपुरम में रवाना किए गए. छप्पन भोग के रवींद्र गुप्ता ने बताया कि राम मंदिर के प्रसाद बनाने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है. इसे पूरी शुद्धता से तैयार किया गया है.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement