सावन का महीना शुरू होते ही हरिद्वार में कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने लगी है. हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल ले रहे हैं और भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं. इस बार कांवड़ यात्रा में महिलाओं की भागीदारी भी खास नजर आ रही है. महिलाएं पति, बच्चों और परिवार के साथ कांवड़ लेकर लंबी यात्रा कर रही हैं.
परिवार के साथ कांवड़ यात्रा पर निकलीं महिलाएं
कई महिलाएं अपने परिवार के साथ तो कुछ अपने अलग ग्रुप के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकल रही हैं. कांवड़िया महिलाओं का कहना है कि उन्हें पूरे साल सावन का इंतजार रहता है. सावन आते ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने का अवसर मिलता है.
कावड़िया आरती ने बताया कि वह 8 तारीख को हरिद्वार से रवाना हुई थीं. उनके साथ करीब 30 लोग हैं, जिनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं. वहीं मोहिनी 7 तारीख की सुबह हरिद्वार से चली थीं. उनके साथ उनकी दो बेटियां, मां और चाचा भी यात्रा कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि रास्ते में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.
सोशल मीडिया पर भी दिखा रहीं कांवड़ यात्रा
आज के दौर में कावड़िया महिलाएं यात्रा के साथ सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं. रास्ते में वे वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम और दूसरे प्लेटफॉर्म पर शेयर कर रही हैं. परी अपने 12 साल के भाई के साथ 31 लीटर गंगाजल लेकर सहारनपुर के भूतेश्वर मंदिर जा रही हैं. उन्होंने बताया कि पूरे रास्ते इंस्टाग्राम के लिए करीब 16 वीडियो बनाए हैं. उनकी मन्नत है कि उनके माता-पिता की उम्र लंबी हो.
महिलाओं के लिए भी खास इंतजाम
प्रियंका ने बताया कि वह 7 तारीख की रात 8 बजे हरिद्वार से निकली थीं. उनके मुताबिक उत्तराखंड से आगे तक कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं अच्छी हैं. रास्ते में महिलाओं के नहाने और कपड़े बदलने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं. राधा अपने पति और बच्चों के साथ मलीपुर जा रही हैं. उन्होंने रास्ते में खाने-पीने की अच्छी व्यवस्था होने की बात कही. वहीं हिना भी अपने पति के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकली हैं. उनका कहना है कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.
इस बार कांवड़ यात्रा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी न सिर्फ उनकी आस्था को दिखा रही है, बल्कि यात्रा के बदलते स्वरूप की भी तस्वीर पेश कर रही है.
ये भी पढ़ें: