Guru Purnima 2026 at Shirdi: भक्तिमय हुई शिरडी, शुरू हुआ तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा का उत्सव, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

शिरडी में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा उत्सव काकड़ आरती के साथ शुरू हुआ. देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने साईं समाधि के दर्शन किए और बाबा को गुरु मानकर आशीर्वाद व गुरु दक्षिणा अर्पित की.

गुरु पूर्णिमा में शिरडी में विशेष आयोजन
gnttv.com
  • शिरडी,
  • 28 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:58 PM IST

शिरडी साईंबाबा मंदिर में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा उत्सव की शुरुआत काकड़ आरती के साथ शुरू हुई. आरती के बाद साईंबाबा की प्रतिमा और श्री साईं चरित्र ग्रंथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गुरुस्थान होते हुए द्वारकामाई मंदिर पहुंची. इसके बाद द्वारकामाई में अखंड श्री साईं चरित्र ग्रंथ के पठन की शुरुआत हुई. गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने साईं समाधि के दर्शन कर बाबा से आशीर्वाद मांगा.

देश-विदेश से पहुंच रहे हैं लाखों साईं भक्त
साईंबाबा मंदिर ट्रस्ट के सीईओ गोरक्ष गाड़िलकर ने बताया कि तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा उत्सव की शुरुआत हो चुकी है. सुबह काकड़ आरती के बाद साईंबाबा की प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई और द्वारकामाई में अखंड श्री साईं सच्चरित्र पारायण शुरू किया गया. उन्होंने बताया कि इस उत्सव में देश-विदेश से लाखों साईं भक्तों के शामिल होने की संभावना है.

साईं बाबा को गुरु मानकर अर्पित करते हैं गुरु दक्षिणा
गोरक्ष गाड़िलकर ने कहा कि साईं भक्त बाबा को अपना गुरु मानते हैं. यही वजह है कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिरडी पहुंचते हैं और बाबा की झोली में श्रद्धा से गुरु दक्षिणा अर्पित करते हैं. यह पर्व साईं भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है और हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं.

'बाबा की कृपा से जीवन में मिली प्रगति'
गुरु पूर्णिमा पर दर्शन के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु ने बताया कि वह वर्ष 2005-06 से साईंबाबा से जुड़े हुए हैं. उनका कहना है कि बाबा की कृपा से उनके जीवन में लगातार प्रगति हुई है. उन्होंने कहा कि बाबा के दर्शन मात्र से ही मन को शांति मिलती है और सभी कष्ट दूर होने का विश्वास मिलता है. उन्होंने सभी साईं भक्तों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए इस पावन अवसर पर शिरडी आने की अपील भी की.

आस्था और भक्ति से सराबोर हुआ शिरडी
श्रद्धालुओं का मानना है कि जीवन में जो भी प्रगति और सुख मिला है, वह साईंबाबा की कृपा से ही संभव हुआ है. इसी अटूट आस्था के साथ हजारों श्रद्धालु दूर-दूर से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने गुरु का आशीर्वाद लेने शिरडी पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है और पूरा शिरडी साईं नाम के जयघोष से गूंज रहा है.
 

(रिपोर्ट- नितिन मिराणे)

ये भी पढ़ें

Read more!

RECOMMENDED