Advertisement

Kashi Vishwanath Dham: सीएम योगी ने बनारस के लोगों को दी बड़ी सौगात! अब काशीवासी विशेष द्वार से करेंगे बाबा विश्वनाथ के दर्शन, सुबह से रात तक सीधे एंट्री

काशीवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब बनारस के लोगों के लिए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था होगी. गेट नंबर 4B के रास्ते प्रातः 4.15 बजे से रात्रि 10.45 बजे तक काशीवासी बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए प्रवेश कर सकेंगे. 

CM Yogi Offering Prayers at Kashi Vishwanath Dham
रोशन जायसवाल
  • वाराणसी,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:15 AM IST

काशी के लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात दी है. अब काशीवासी बाबा विश्वनाथ धाम में आसानी से दर्शन कर सकेंगे. दरअसल, दो दिवसीय दौरे पर बनारस पहुंचे सीएम योगी ने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों के दर्शन के लिए अलग द्वार की व्यवस्था की जाए. अब 4बी द्वार से सुबह 4:15 बजे से रात के 10:45 बजे तक काशीवासी बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर सकेंगे. हालांकि यह सुविधा विशेष तिथियों व पर्व दिवस पर लागू नहीं होगी.

...ताकि रोज बाबा विश्वनाथ के दर्शन सुलभता से कर सकें
आपको मालूम हो कि जब से काशी विश्वनाथ धाम बनकर तैयार हुआ है, तभी से काशीवासियों की यह मांग थी कि उनके लिए अलग से दर्शन करने के वास्ते पृथक मार्ग की व्यवस्था की जाए, जिससे न केवल भीड़ भाड़ से बच पाए, बल्कि रोज बाबा विश्वनाथ के दर्शन सुलभता से कर सकें. 

पहले क्या थी व्यवस्था और अब क्या हुई
आपको मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विश्वनाथ धाम का तोहफा देश और दुनिया के सनातनियों को सौंपने के साथ ही लगातार धाम में बढ़ रही भीड़ के चलते काशी के स्थानीय श्रद्धालु और नेमि दर्शनार्थी कई बार यह मांग उठा चुके थे कि उनके लिए बाबा विश्वनाथ के दर्शन के वास्ते पृथक मार्ग की व्यवस्था की जाए. इसके बाद से विश्वनाथ धाम में प्रवेश के लिए गेट नंबर 4B के रास्ते सुबह 4:00 से 5:00 और शाम 4:00 से 5:00 बजे स्थानीय काशीवासी श्रद्धालुओं को प्रवेश उनके स्थानीय पहचान पत्र को दिखाकर मिलना शुरू हो गया था. हालांकि इसके बाद भी काशी के लोगों द्वारा दर्शन के पूरे समय पृथक मार्ग की व्यवस्था की मांग उठती रही.

इसी का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों को दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था की जाए. इसके बाद 4बी द्वार को प्रातः 4.15 बजे से रात्रि 10.45 बजे तक काशीवासियों के प्रवेश के लिए खोल दिया गया है. प्रातः काल दर्शन हेतु मंदिर खुलने के 15 मिनट बाद से ले कर रात्रि काल में मंदिर बंद होने से 15 मिनट पूर्व तक काशीवासियों को विशेष सुविधा दी जाएगी.  पूर्व मंत्री और शहर दक्षिणी बीजेपी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने काशीवासियों के इस बहुप्रतीक्षित मांग पूरा करने पर काशीवासियों की तरफ से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया.

महादेव की नगरी में सावन की तैयारी शुरू
भगवान शिव की उपासना के लिए सावन का माह सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण माना जाता है. इस बार सावन का महीना 30 जुलाई से प्रारंभ होगा और इसका समापन 28 अगस्त 2026 को होगा. सावन में लाखों श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम दर्शन करने के लिए आते हैं. महादेव की नगरी काशी में श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं. सावन में हर सोमवार को बाबा का विशेष शृंगार होगा. सावन के पहले सोमवार 3 अगस्त को श्री शंकर स्वरुप शृंगार, दूसरे सोमवार 10 अगस्त को गौरी-शंकर (शंकर-पार्वती) शृंगार, तीसरे सोमवार 17 अगस्त को अर्धनारीश्वर शृंगार और चौथे सोमवार 24 अगस्त को रुद्राक्ष शृंगार किया जाएगा. 27 अगस्त 2026 को पड़ने वाली पूर्णिमा को झूला शृंगार किया जाएगा. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement