हिंदू धर्म में वास्तु शास्त्र का बहुत महत्व माना गया है. वास्तु शास्त्र केवल घर की दिशा तय करने तक ही नहीं है, बल्कि यह जीवन में पॉजिटिव एनर्जी, सुख और आर्थिक संतुलन बनाए रखने से भी जुड़ा हुआ है. घर में रखी हर वस्तु और पौधे की दिशा का प्रभाव परिवार के जीवन पर पड़ता है. इन्हीं में से एक है मनी प्लांट, जिसे वास्तु में बेहद शुभ पौधा माना गया है.
सही दिशा और सही तरीके से लगाया गया मनी प्लांट घर में धन, तरक्की और पॉजिटिविटी लेकर आता है. वहीं अगर इसे गलत दिशा में रखा जाए, तो आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं. इसलिए मनी प्लांट से जुड़े वास्तु नियमों का ध्यान रखना बेहद जरूरी माना जाता है.
दक्षिण-पूर्व दिशा मानी जाती है सबसे बेहतर
वास्तु शास्त्र के अनुसार मनी प्लांट को हमेशा घर की दक्षिण-पूर्व दिशा में रखना चाहिए. इस दिशा को भगवान गणेश और शुक्र ग्रह से जुड़ा माना जाता है. इस दिशा में मनी प्लांट लगाने से घर में पॉजिटिव एनर्जी आती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है. कहा जाता है कि गलत दिशा में रखा गया मनी प्लांट नकारात्मक प्रभाव भी डाल सकता है. इससे घर में पैसों की कमी और अनचाहे खर्च बढ़ सकते हैं.
जमीन पर रखने की कभी न करें भूल
कई लोग मनी प्लांट को सीधे जमीन में लगा देते हैं, लेकिन वास्तु शास्त्र में इसे ठीक नहीं माना गया है. मनी प्लांट को हमेशा गमले, कांच की बोतल या किसी साफ पात्र में लगाना शुभ माना जाता है. ऐसा करने से पौधे की पॉजिटिव एनर्जी बनी रहती है और घर का वातावरण बेहतर रहता है. साथ ही पौधे की नियमित सफाई और देखभाल करना भी जरूरी माना जाता है.
बेल हमेशा ऊपर की ओर होनी चाहिए
मनी प्लांट की बेल तेजी से फैलती है, इसलिए इसकी दिशा पर विशेष ध्यान देना चाहिए. वास्तु के अनुसार इसकी बेल हमेशा ऊपर की ओर बढ़नी चाहिए. ऊपर की ओर जाती बेल सफलता की निशानी मानी जाती है. अगर मनी प्लांट की बेल नीचे जमीन की ओर लटकती है, तो इसे अशुभ माना जाता है. इसके लिए आप लकड़ी, धागे या किसी स्टैंड का सहारा दे सकते हैं ताकि बेल ऊपर की दिशा में बढ़ती रहे.
शुक्रवार को प्लांट लगाना माना जाता शुभ
वास्तु मान्यताओं के अनुसार मनी प्लांट का संबंध मां लक्ष्मी और शुक्र ग्रह से माना जाता है. इसलिए इसे शुक्रवार के दिन लगाना सबसे शुभ माना जाता है. कहा जाता है कि इस दिन मनी प्लांट लगाने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और घर में सुख-समृद्धि आती है.