Interesting Spiritual Facts: हिंदू धर्म में अनेक देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की जाती है. हर देवी-देवता का विशेष स्वरूप है. इन भगवानों की पहचान सिर्फ उनके स्वरूप से ही नहीं बल्कि उनके अस्त्र-शस्त्र और दिव्य वस्तुओं से भी होती हैं. जैसे महादेव का त्रिशूल, भगवान विष्णु का सुदर्शन चक्र, प्रभु श्रीराम का कोदंड धनुष और हनुमान जी की गदा उनकी पहचान हैं. भगवान कृष्ण की बांसुरी पहचान है. आइए जानते हैं देवी-देवताओं के अस्त्र-शस्त्र और दिव्य वस्तुओं के नाम क्या हैं?
क्या है प्रभु विष्णु के धनुष और चक्र का नाम
भगवान विष्णु के दिव्य धनुष का नाम सारंग है. भगवान विष्णु के चक्र का नाम सुदर्शन है. विष्णु भगवान के गदा का नाम कौमोदकी है.
भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी का नाम
भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी का नाम महानंदा है. हिंदू धर्मग्रंथों में उल्लेख है कि जब कान्हा अपनी बांसुरी बजाते थे तब इसकी मधुर धुन सुनकर गोपियां, गायें और यहां तक कि प्रकृति भी मोहित हो जाती थी.
भगवान श्रीराम के धनुष का नाम
भगवान विष्णु के अवतार श्रीराम थे. प्रभु श्रीराम के दिव्य धनुष का नाम कोदंड है. कोदंड का अर्थ होता है बांस से बना हुआ. कोदंड बहुत ही शक्तिशाली और चमत्कारी धनुष था. इस धनुष की खासियत यह थी कि इससे छोड़ा गया बाण कभी खाली नहीं जाता था और अपने लक्ष्य को भेद कर ही वापस आता था.
क्या है हनुमान जी के गदा का नाम
ऐसी धार्मिक मान्यता है हनुमान जी आज भी धरती पर विराजमान हैं. बजरंगबली अपने भक्त की हर मनोकामना को पूरी करते हैं. बजरंगबली को प्रसन्न करने के लिए भक्त गदा अर्पित करते हैं क्योंकि यह उन्हें बहुत ही प्रिय है. हनुमान जी के गदा को कौमोदकी नाम से जाना जाता है. उन्होंने इसी गदा से असुरों का संहार किया था.
क्या है मां दुर्गा के शेर का नाम
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक मां दुर्गा जिस शेर पर सवारी करती हैं, उसका नाम सोमनंदी या दावोन है. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि जब मां दुर्गा शेर पर सवार होकर प्रकट होती हैं, तब वह अधर्म विनाश करती हैं.
क्या है गणेश जी के चूहे का नाम
भगवान गणेश का वाहन चूहा है. गणेश जी जिस चूहे पर सवारी करते हैं उसका नाम क्रौंच या क्रोंच है. प्रभु का यह वाहन बुद्धि में इतना तेज है कि वह हर परिस्थिति में रास्ता निकालने की क्षमता रखता है.
अर्जुन के धनुष का नाम
श्रेष्ठ धनुर्धर अर्जुन के धनुष का नाम गांडीव था. अर्जुन ने महाभारत युद्ध में इसी धनुष से युद्ध लड़ा था. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि अग्नि देव के कहने पर वरुण देव ने अर्जुन को गांडीव और कभी न खत्म होने वाले दो तरकश भेंट किए थे. गांडीव बहुत भारी था और इसकी टंकार से बिजली कड़कने जैसी आवाज होती थी. इसे कोई भी साधारण इंसान नहीं उठा सकता था.
क्या है कर्ण के धनुष का नाम
महाभारत के महान योद्धा कर्ण के धनुष का नाम विजय धनुष था. इस दिव्य धनुष को भगवान विश्वकर्मा ने बनाया था. यह पहले भगवान शिव और फिर देवराज इंद्र के पास था. भगवान परशुराम ने यह धनुष अपने प्रिय शिष्य कर्ण को दिया था. यह इतना शक्तिशाली था कि इसे कोई भी अस्त्र-शस्त्र काट नहीं सकता था.
रावण के खड़ग का नाम क्या
धर्मग्रंथों के मुताबिक रावण के खड़ग का नाम चंद्रहास था. यह खड़ग भगवान शिव द्वारा रावण को प्रदान किया गया था.