ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक लौंग घर से नकारात्मक ऊर्जा को बाहर करती है. छोटी सी लौंग इंसान का भाग्य संवार सकती है. इसके चमत्कारी प्रयोगों से न केवल ग्रहों को शांत किया जा सकता है, बल्कि धन प्राप्ति और शत्रुओं का भी समाप्त किया जा सकता है. ज्योतिषविद शैलेंद्र पांडेय ने नवरात्रि में लौंग से जुड़े कुछ बेहद मंगलकारी उपाय बताए हैं. लौंग वैसे तो एक मसाला है लेकिन यह एक अद्भुत प्रभाव वाला चमत्कारी मसाला है. अपने रंग और गुणों के कारण यह शनि और बुध का मसाला है. काला रंग शनि की ऊर्जा को नियंत्रित करता है और सुगंध बुध को मजबूत करती है. लौंग सामान्यतः कफ नाशक है और पाचन में सहायक है. इस मसाले का प्रयोग तंत्र में विशेष रूप से होता है. इसके साथ ही यह देवी दु्र्गा की पूजा में खूब प्रयोग होता है.
मनोकामना पूर्ण करने के लिए क्या करें?
अपनी उम्र के बराबर लौंग ले लें. इसे काले धागे में बांधकर माला बना लें. इसे नवरात्रि में किसी भी दिन देवी दुर्गा को अर्पित करें. इसके बाद अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करें. मनोकामना पूर्ण हो जाने के बाद माला को जल प्रवाह कर दें.
शत्रु और विरोधियों को शांत कैसे करें?
लगातार 27 दिनों तक दो लौंग मां दुर्गा को अर्पित करें. इसके बाद सभी लौंग एकत्र कर लें. इनको 28वें दिन अग्नि में जला दें. जलाते समय मन में मां दुर्गा का स्मरण करते रहें. जलाने के बाद इसकी राख को जल प्रवाहित कर दें.
तंत्र-मंत्र के असर को काटने के लिए लौंग का प्रयोग कैसे करें?
नित्य प्रातः सूर्य देव को जल अर्पित करें. इसके बाद लौंग को घिसकर अपने माथे पर तिलक लगाएं. इससे आप नकारात्मक ऊर्जा से बचे रहेंगे. घर से निकलते समय एक लौंग अपनी ऊपरी जेब में रख लें. इससे भी आप नजर दोष आदि से बचे रहेंगे. नवरात्रि में चांदी की दो लौंग बनवाकर देवी को मंदिर में अर्पित कर दें. इससे आपके ऊपर का तंत्र-मंत्र समाप्त हो जाएगा.
धन वृद्धि का उपाय
यदि किसी इंसान पर कर्जों का बोझ अत्यधिक बढ़ गया है, तो शुक्रवार के दिन 5 लौंग और 5 कौड़ियां लेकर लाल कपड़े में बांध लें. इसके बाद इस पोटली को तिजोरी या धन के स्थान पर रख दें. यह उपाय आपके धन लाभ प्रतिशत को बढ़ा सकता है. नवरात्रि के शुभ अवसर पर 21 लौंग जलाकर मां लक्ष्मी का ध्यान करें. कहते हैं कि ऐसा करने से रुका हुआ धन वापस मिल जाता है.
देवी की पूजा करते समय किस तरह के तिलक का प्रयोग करना चाहिए?
देवी की पूजा शाक्त तंत्र की पूजा मानी जाती है. इसमें हमेशा लाल रोली या लाल चन्दन के तिलक का प्रयोग करें. यह तिलक मस्तक और कंठ पर गोलाकार होना चाहिए.
मनचाही नौकरी के लिए क्या करें
नवरात्रि में यदि आप केवल ज्योति जलाकर और उस पर एकाग्र होकर मंत्र जप करें तो इससे आपकी मनोकामना ज्यादा जल्दी पूरी होगी. यदि मनचाही नौकरी पाना चाहते तो नवरात्रि में लगातार तीन रातों तक आपको कुछ उपाय करने होंगे. आप प्रत्येक रात्रि देवी को लाल फूल अर्पित करें. इसके बाद दुर्गा सप्तशती के सप्तम अध्याय का पाठ करें.
ये भी पढ़ें