देशभर में आज महाशिवरात्रि का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. द्वादश ज्योतिर्लिंगों समेत तमाम शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के साथ विशेष पूजन किया गया, वहीं काशी विश्वनाथ और दिल्ली के गौरी शंकर मंदिर में भी भक्तों ने जलाभिषेक किया. इस अवसर पर मंदिरों को दीपमालाओं और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है. महाशिवरात्रि के साथ ही आज प्रयागराज में माघ मेले का भी समापन हो रहा है, जहां संगम तट पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच भक्त भजन-कीर्तन और शिव आराधना में लीन नजर आ रहे हैं. प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष स्वास्थ्य प्रोटोकॉल और दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.