उत्तराखंड में पंच केदार में से एक रुद्रनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही 23 मई से हेमकुंड साहिब की यात्रा भी शुरू होने जा रही है। वहीं, दिल्ली में ऊर्जा बचत और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली मेट्रो ने हर सोमवार छह अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस पाठशाला के जरिए स्लम इलाकों के बच्चों के बैंक में एफडी खाते खोले जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के देवास में नगर निगम ने कबाड़ से एक मिस्ट टावर तैयार किया है, जो भीषण गर्मी में लोगों को राहत दे रहा है। वाराणसी में मां अन्नपूर्णा के अन्न क्षेत्र में एलपीजी की किल्लत दूर करने के लिए गेल इंडिया ने 24 घंटे पीएनजी की सप्लाई शुरू कर दी है। इसके अलावा, कान्हा टाइगर रिजर्व में महिलाओं द्वारा संचालित बांस की कैंटीन आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही है और देशभर के चिड़ियाघरों में जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।