देशभर में मेष संक्रांति, बैसाखी, बिहू और तमिल नववर्ष की धूम देखने को मिली। इस मौके पर लोगों ने पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना की। वहीं, राजस्थान के नागौर जिले के कुचेरा कस्बे के दो छात्रों ने सीमित संसाधनों में एक ह्यूमनॉइड एआई रोबोट तैयार किया है। यह रोबोट इंसानों की तरह देख और बोल सकता है, साथ ही सुरक्षा और निगरानी में भी मददगार है। दूसरी तरफ, मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में मंदिर प्रबंधन में एमबीए कोर्स शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मंदिरों और धार्मिक संस्थानों को आधुनिक और पेशेवर तरीके से चलाना है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की एक महिला ने साइकिल से दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप तक पहुंचकर इतिहास रच दिया है। वह ऐसा करने वाली भारत की पहली महिला बन गई हैं। उन्होंने शून्य से नीचे के तापमान और मुश्किल रास्तों का सामना करते हुए 14 दिनों में यह सफर पूरा किया।