प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने पर आयोजित 'सोमनाथ अमृत पर्व' में हिस्सा लिया। इस दौरान मंदिर के शिखर पर कुंभ अभिषेक और ध्वजारोहण किया गया। वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने शानदार एयर शो किया और पीएम मोदी ने विशेष डाक टिकट और 75 रुपये का सिक्का जारी किया। वहीं, अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्र ने बताया कि मंदिर परिसर का निर्माण कार्य 30 जून तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद सरयू तट पर भव्य अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय बनाया जाएगा, जिसमें 20 अत्याधुनिक गैलरियां होंगी। दूसरी तरफ, अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण पैदा हुए आर्थिक संकट के बीच पीएम मोदी ने देशवासियों से विदेशी मुद्रा भंडार बचाने के लिए एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की है। भारत हर साल सोने के आयात पर भारी विदेशी मुद्रा खर्च करता है, ऐसे में इस अपील का उद्देश्य चालू खाता घाटा कम करना और अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।