देशभर में गणेश उत्सव को लेकर तैयारियां जारी हैं। मुंबई के प्रसिद्ध 'लालबागचा राजा' की पहली झलक सामने आ गई है, जहां प्रतिमा की स्थापना के बाद 14 तारीख से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे. वहीं इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के तहत भगवान गणेश का आभूषणों और हीरे जड़ित नेत्रों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा, साथ ही पहले दिन सवा लाख मोदक और प्रतिदिन 11 हजार लड्डुओं का भोग लगेगा. इसके अलावा बोधगया के शंकराचार्य मठ परिसर में थाईलैंड, ताइवान और जापान से आए विदेशी श्रद्धालुओं ने 4,000 दीप प्रज्वलित कर धर्म चक्र बनाकर पूर्वजों की आत्मशांति और विश्व शांति के लिए पूजा की. दूसरी ओर भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स ने उत्तराखंड के चमोली में 7240 मीटर ऊंची माउंट माना चोटी के लिए बद्रीनाथ धाम से 31 सदस्यीय अभियान शुरू किया है. इसके साथ ही दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के उपलक्ष्य में अमृतसर के कलाकार जगजोत सिंह रूबल ने नेताओं की एक्रिलिक पेंटिंग तैयार की, जबकि श्रीनगर की डल झील में पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान फ्लोटिंग सिनेमा का आयोजन किया गया.