सोशल मीडिया पर इन दिनों दो खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं। पहली खबर में एक वीडियो के जरिए दावा किया जा रहा है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के तुरंत बाद एक धर्म विशेष के बच्चे वहां से नटबोल्ट चुरा रहे हैं। गुड न्यूज़ टुडे की फैक्ट चेक टीम की पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ। असल में यह वीडियो बिहार की राजधानी पटना में बने डबल डेकर पुल का है, जिसका उद्घाटन जून दो हज़ार पच्चीस में हुआ था। दूसरी वायरल तस्वीर में दावा किया गया है कि कोलकाता में राहुल गांधी की रैली में लाखों की भीड़ जुटी। जब इस तस्वीर की जांच की गई तो इसमें विदेशी झंडे नजर आए। गूगल के सिंथआईडी और ट्रुथ स्कैन जैसे एआई डिटेक्शन टूल से जांच करने पर पुष्टि हुई कि यह तस्वीर असली नहीं है, बल्कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है। हमारी पड़ताल में दोनों वायरल दावे पूरी तरह से फर्जी साबित हुए हैं।