सोशल मीडिया पर इन दिनों दो अलग-अलग दावों के साथ वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इजराइल में एक नए कानून के तहत फिलिस्तीनी कैदी को बिजली के झटके देकर मौत की सजा दी गई। गुड न्यूज़ टुडे की फैक्ट चेक टीम ने जब इस वीडियो की पड़ताल की, तो सामने आया कि यह वीडियो लंदन के रिप्लीज बिलीव इट ऑर नॉट म्यूजियम का है, जहां एक इलेक्ट्रिक चेयर का मॉडल रखा गया था। यह कोई असली घटना नहीं बल्कि एक प्रदर्शनी का हिस्सा है। वहीं, दूसरे मामले में पश्चिम बंगाल चुनाव से जोड़कर दो वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। इनमें दावा किया गया है कि बंगाल में पुलिस उपद्रवियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर रही है। जांच में यह दावा भी पूरी तरह से भ्रामक निकला। दरअसल, ये दोनों वीडियो भारत के नहीं बल्कि पड़ोसी देश बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हैं, जिन्हें गलत संदर्भ में बंगाल का बताकर शेयर किया जा रहा है।