चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकुल मैदान में रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है, जहां 24 घंटे 20 काउंटर खुलेंगे. 19 तारीख को अक्षय तृतीया से यात्रा का श्री गणेश होगा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक तैयारियों का जायजा लिया. उधर, पुरी में भगवान जगन्नाथ की 21 दिवसीय चंदन यात्रा की तैयारियां तेज हैं, जिसकी शुरुआत भी अक्षय तृतीया से होगी. इस दौरान नरेंद्र पुष्करिणी तालाब में नाव की सवारी करवाई जाती है. देशभर में वैशाख अमावस्या पर आस्था का सैलाब उमड़ा. प्रयागराज के संगम और उज्जैन की क्षिप्रा नदी में लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई. उज्जैन में 118 किलोमीटर लंबी पंचकोसी यात्रा का भी समापन हुआ. दूसरी ओर, पहाड़ों पर मौसम का मिजाज बदल गया है. कश्मीर के बांदीपुरा, गुरेज, जोजिला और सिक्किम के नाथुला दर्रे व तसोमगो झील में ताजा बर्फबारी हुई है. वहीं, श्रीनगर का प्रसिद्ध ट्यूलिप गार्डन इस सीजन के लिए बंद कर दिया गया है. दिल्ली-यूपी में मौसम बदल रहा है, जबकि इंदौर में गर्मी के कारण स्कूलों का समय बदला गया है.