देशभर में शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं. गुजरात में इस बार पारंपरिक गरबा के साथ तकनीक का तालमेल देखने को मिला, जहां पारंपरिक परिधान में सजा ह्युमनॉइड रोबोट लोगों के साथ गरबा करता दिखा. यह रोबोट एआई और रिमोट कंट्रोल से संचालित होता है. अहमदाबाद में युवाओं के बीच खास टैटू का क्रेज है. दिल्ली के श्रीराम भारतीय कला केंद्र में पारंपरिक वेशभूषा के साथ श्रीराम नृत्य नाटिका के 69वें वर्ष का मंचन 11 अक्टूबर से शुरू होगा. अकोला में महिलाओं को गरबा के साथ तलवारबाजी और आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं. प्रयागराज और हावड़ा में पर्यावरण अनुकूल दुर्गा प्रतिमाओं और पंडालों का निर्माण चल रहा है. गया जी में फल्गु नदी के देवघाट पर पितरों के मोक्ष के लिए लाखों दीप जलाकर पितृ दीपावली मनाई गई. वहीं बद्रीनाथ धाम में पितृपक्ष के चलते ब्रह्म कपाल में तर्पण और भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.