नवरात्रि के चौथे दिन देशभर में मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कुष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. दिल्ली के झंडेवालान और छतरपुर मंदिर, हैदराबाद के भाग्यलक्ष्मी मंदिर तथा अकोला के सप्तशृंगी मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. वहीं पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा को लेकर भव्य पंडाल सजाए गए हैं, जिसमें हावड़ा में केदारनाथ थीम और पुरुलिया में टेराकोटा थीम आकर्षण का केंद्र बनी है. गुजरात के राजकोट, अहमदाबाद, जामनगर और वड़ोदरा में पारंपरिक गरबा और अग्नि रास का आयोजन किया गया. इसके साथ ही त्योहारों को देखते हुए पटना से नई दिल्ली के बीच पूजा स्पेशल वंदे भारत ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है, जबकि अयोध्या में आगामी दीपोत्सव पर 30 लाख दीये जलाने की तैयारी की जा रही है.