PM Modi Gujarat Visit: देश को करीब 14,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में कई प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस अवसर पर देशभर के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसान परिवारों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत दो-दो हजार रुपये ट्रांसफर किए गए. इसके अलावा प्रधानमंत्री ने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया तथा अहमदाबाद मेट्रो के फेज 2ए एयरपोर्ट एक्सटेंशन और फेज 2बी गिफ्ट सिटी एक्सटेंशन का शिलान्यास किया. गुजरात को मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती और वाराणसी-अहमदाबाद के बीच नई रेल कनेक्टिविटी की भी सौगात दी गई. बनासकांठा में आयोजित रोड शो में हजारों लोग शामिल हुए. प्रधानमंत्री शाम को केवडिया पहुंचकर भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे और एकता नगर में नर्मदा आरती में भी शामिल हो सकते हैं.