शारदीय नवरात्र के अवसर पर देश भर के देवी मंदिरों में मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की विधि विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। दिल्ली के झंडेवाला और छतरपुर मंदिर सहित विभिन्न शक्तिपीठों में श्रद्धालु तड़के से ही मंगला आरती और दर्शन पूजन के लिए पहुंचे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां कूष्मांडा ने अपनी मंद मुस्कान से सृष्टि की रचना की थी, जिनकी उपासना से सुख, समृद्धि और व्याधियों से मुक्ति प्राप्त होती है। इसके साथ ही गुजरात के सूरत और वडोदरा में पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया रास की धूम देखने को मिल रही है। उधर, प्रयागराज में पारंपरिक शृंगार चौकियों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें कोतवाली के पास प्रभु श्री राम और लक्ष्मण की चौकियों के मिलन का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे।