श्रीनगर में 16 मार्च से सैलानियों के लिए ट्यूलिप गार्डन खुलेगा। इस साल गार्डन में 18 लाख ट्यूलिप के फूल और 70 से 75 किस्में तैयार की गई हैं। डल झील के किनारे और जबरावान पहाड़ियों के बीच स्थित यह गार्डन 30 हेक्टेयर में फैला है। साल 2007 में शुरू हुआ यह गार्डन अब एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन बन गया है। अयोध्या में 19 मार्च को राममंदिर में राष्ट्रपति की उपस्थिति में श्री राम यंत्र की स्थापना होगी। नौ दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान चलेंगे। देशभर से लगभग 300 संत महात्मा अनुष्ठानों में हिस्सा ले रहे हैं। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने श्री सिद्धिविनायक मंदिर में T20 विश्व कप ट्रॉफी समर्पित की। क्रिकेटर कुलदीप यादव मसूरी में मंगेतर वंशिका सिंह के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल को 18 हज़ार 860 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।