सावन के तीसरे सोमवार पर काशी विश्वनाथ, उज्जैन के महाकालेश्वर और देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर समेत देशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। काशी विश्वनाथ में बाबा का भव्य श्रृंगार हुआ और मंगला आरती की गई। कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। उज्जैन में नाग पंचमी के अवसर पर रात 12 बजे नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट खोले गए, जो साल में केवल एक बार 24 घंटे के लिए खुलते हैं। आसनसोल से बाल कांवड़ियों का जत्था देवघर के लिए रवाना हुआ। जम्मू कश्मीर के पुंछ में नवग्रह मंदिर से भव्य त्रिशूल यात्रा निकाली गई और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। अयोध्या में झूल उत्सव के दौरान भरतनाट्यम के जरिए संपूर्ण राम कथा की प्रस्तुति दी गई। दिल्ली में पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने 25 नई अटल कैंटीन का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ के रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कैंसर केयर इंस्टीट्यूट का उद्घाटन किया। इसके अलावा अमरावती के चिखलदरा में पर्यटकों का जमावड़ा देखा गया।