सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर देशभर के प्रमुख शिवालयों और ज्योतिर्लिंगों में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा. काशी विश्वनाथ में भव्य मंगल आरती के साथ बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया, जबकि उज्जैन के महाकाल मंदिर में तड़के दिव्य भस्म आरती और अभिषेक संपन्न हुआ. प्रयागराज के मनकामेश्वर, अयोध्या के नागेश्वरनाथ, दिल्ली के गौरी शंकर और देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर समेत देश के विभिन्न कोनों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं. इस दौरान श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और दुग्ध अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की. सहारनपुर में कांवड़ियों की सुविधा के लिए हाईटेक शिविर और रंग-बिरंगी लाइटों से सजा मार्ग आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. वहीं, श्री अमरनाथ यात्रा के 32वें दिन भी भक्तों का उत्साह बरकरार है, जहां अब तक साढ़े चार लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं.